विश्व कप : प्रीटोरियस, मौरिस ने श्रीलंका को 203 रनों पर रोका (लीड-1)

चेस्टर ली स्ट्रीट (इंग्लैंड), 28 जून (आईएएनएस)| दक्षिण अफ्रीका ने शुक्रवार को रिवरसाइड ग्राउंड पर खेले जा रहे आईसीसी विश्व कप-2019 के मैच में श्रीलंका को बड़ा स्कोर करने से रोक दिया। ड्वायन प्रीटोरियस की अगुआई में दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने श्रीलंका को 49.3 ओवरों में 203 रनों पर ही ढेर कर दिया।

अपना दूसरा विश्व कप मैच खेल रहे प्रीटोरियस ने 10 ओवरों में दो मेडेन फेंके और सिर्फ 25 रन खर्च करते हुए तीन विकेट लिए। क्रिस मौरिस के हिस्से भी तीन विकेट लिए। मौरिस ने 9.3 ओवरों में 46 रन खर्च किए। कागिसो रबाडा ने 10 ओवरों में दो मेडेन के साथ 36 रन देकर दो सफलताएं अर्जित कीं। ज्यां पॉल ड्यूमिनी ने एक विकेट लिया।

श्रीलंका के विकेटों के पतन की शुरुआत रबादा ने की। इस गेंदबाज ने पहली ही गेंद पर श्रीलंकाई कप्तान दिमुथ करुणारत्ने को बोल्ड कर दिया।

कुशल परेरा और अविश्क फर्नाडो ने 30-30 रन बनाए और दूसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी की टीम को पटरी पर ला दिया लेकिन जैसे ही यह साझेदारी टूटी श्रीलंका फिर खड़ी नहीं हो पाई।

इस साझेदारी को प्रीटोरियस ने तोड़ा। उन्होंने अपना पहला शिकार फर्नाडो को बनाया और पांच रन बाद वह कुशल को भी आउट कर गए। यहां से श्रीलंका मुसीबत में पड़ गई।

अनुभवी एंजेलो मैथ्यूज का बल्ला टीम को बचाने में फिर नाकाम रहा। मैथ्यूज की 11 रनों की पारी का अंत मौरिस ने 100 के कुल स्कोर पर किया। 23 रन बना चुके कुशल मेंडिंस को प्रीटोरियस ने अपना तीसरा शिकार बनाया और श्रीलंका का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 111 रन कर दिया।

धनंजय डी सिल्वा (24), जीवन मेंडिस (18), थिसारा परेरा (21), इसुरु उदाना (17) ज्यादा कुछ नहीं कर पाए।

मौरिस ने लसिथ मलिंगा (4) का विकेट ले श्रीलंका की पारी को समेट दिया।