विश्व के सबसे बड़े भूकंप ड्रिल में भाग लेंगे न्यूजीलैंडवासी

वेलिंगटन, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)| न्यूजीलैंड के नागरिक सुरक्षा मंत्री पीनी हेनरे ने बुधवार को बताया कि विश्व के सबसे बड़े भूकंप ड्रिल शेकआउट में गुरुवार को न्यूजीलैंड के हजारों लोग करीब 6.5 करोड़ लोगों के साथ जुड़ेंगे।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, वार्षिक ड्रिल में लोगों को याद दिलाया जाएगा कि भूकंप के दौरान वे किस तरह गिरकर, खुद को ढक कर, रोक कर अपनी जान बचा सकते हैं। इसके साथ ही वे अगर तटीय क्षेत्र में रहते हैं तो सुनामी के दौरान किस तरह खुद की मदद कर सकते हैं, यह भी बताया जाएगा।

हेनरे ने कहा, “पूरे न्यूजीलैंड में भूकंप का खतरा होने के साथ ही सारे तटीय क्षेत्रों पर सुनामी का खतरा भी है। हम इसका अंदाजा नहीं लगा सकते हैं कि कब क्या हो जाए, हम सब कहां होंगे, लेकिन हम कुछ चीजों का अभ्यास कर खुद की सुरक्षा कर सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “2016 के बाद से हम एक बार आए विशाल भूकंप और दो स्थानीय सुनामी के गवाह रह चुके हैं। इनमें नवंबर 2016 में काइकोरा भूकंप और सुनामी, और सितंबर 2016 में आए ईस्ट केप सुनामी शामिल है।”

हेनरे गुरुवार को स्थानीय समयानुसार 1:30 बजे दोपहर में वेलिंगटन के ईवांस बे इंटरमीडिएट स्कूल में छात्रों के साथ ड्रिल में भाग लेंगे।