सट्टा बाज़ार में भाजपा पर सबसे बड़ा दांव 

बेंगलुरु: कर्नाटक में किसकी सरकार बनेगी इसका फैसला तो कल ही होगा, लेकिन सट्टा बाज़ार में भाजपा पर दांव लगाए जा रहे हैं। सटोरियों ने चुनाव के नतीजों पर भाजपा पर बड़ा दांव लगाया है, वहीं जेडीएस को किंगमेकर की भूमिका मिलती हुई दिख रही है।

जानकारी के मुताबिक, सट्टा बाजार में भाजपा पर एक पे एक का भाव रखा गया है। इसका मतलब यह है कि अगर कोई व्यक्ति एक लाख रुपये देता है और राज्य में भाजपा 98 से ज्यादा सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनती है तो फिर उसको दो लाख रुपये मिलेंगे। हालांकि इसके बाद भी अगर पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिलता तो भी यह जेडीएस या फिर निर्दलियों के साथ मिलकर के सरकार बना सकती है। मालूम हो कि देश में सट्टा लगाना गैरकानूनी और पकड़े जाने पर जेल भी जाना पड़ सकता है।

जेडीएस की स्थिति होगी मजबूत
सट्टा बाजार के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल सेक्यूलर (जेडीएस) को 32-35 सीटें मिल सकती हैं। यदि ऐसा होता है तो भाजपा या कांग्रेस को पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा, यानी फिर जोड़तोड़ की सरकार बनानी होगी। इस स्थिति में जेडीएस मजबूत स्थिति में होगी और सरकार में उसे मुख्य भूमिका मिलना तय है।

कांग्रेस की स्थिति कमजोर
सट्टा बाजार के सूत्रों के मुताबिक, एग्जिट पोल से पहले अगर कोई व्यक्ति भाजपा के 125 सीटें जीतने पर दांव लगाता था, तो फिर उसे 5 लाख रुपये मिलने का वादा किया गया था, लेकिन एग्जिट पोल आने बाद इसमें गिरावट देखने को मिली है। वहीं सट्टा बाजार में कांग्रेस को लेकर के किसी तरह का कोई दांव नहीं लग रहा है। आपको बता दें कि अगर कांग्रेस किसी भी कारण से सरकार नहीं बना पाती है, तो फिर यह पार्टी केवल दो राज्यों में सीमित हो जाएगी।