हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख अशोक तंवर पार्टी मुख्यालय पर देंगे धरना

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)| हरियाणा कांग्रेस के अंदर चल रही अंदरुनी कलह की आग अब पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की चौखट तक पहुंच गई है। हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख अशोक तंवर बुधवार को अपराह्न् 3 बजे नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने वाले हैं।

तंवर राज्य में हुए टिकट के बंटवारे से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि, “बीते पांच सालों में जिन्होंने पार्टी के लिए काम किया उन्हें टिकट बंटवारे के दौरान अनदेखा किया गया। जिन्होंने पार्टी के खिलाफ काम किया उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने तवज्जो दी है।”

सूत्रों के अनुसार पार्टी अभी भी दलबदलू नेताओं को टिकट देने पर विचार कर रही है।

एक नेता ने कहा कि तंवर के समर्थकों को अलग-थलग करने के लिए विभिन्न दलों के 10 नेताओं को भी हुड्डा द्वारा टिकट की पेशकश की गई है।