हांगकांग : ताइवान जाने से पहले लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता गिरफ्तार

हांगकांग, 10 जनवरी (आईएएनएस)| हांगकांग प्रशासन ने लोकतंत्र समर्थक एक कार्यकर्ता को शहर के हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। वह इस सप्ताह राष्ट्रपति चुनाव में पर्यवेक्षक के तौर पर ताइवान जाने की कोशिश कर रही थी। शुक्रवार को इस बात का खुलासा किया गया। 26 वर्षीय डेमोसिस्टो कार्यकर्ता लिली वोंग पर आरोप है कि 1 जुलाई 2019 को विधान परिषद पर हुए हमले और आपराधिक क्षति व परिषद परिसर पर कब्जा करने की साजिश में वह शामिल थी। प्रो डेमोक्रेसी ग्रुप ने शुक्रवार को फेसबुक पर इस बात की जानकारी दी।

एफे न्यूज ने ग्रुप के सह-संस्थापक जोशुआ वोंग के हवाले से कहा कि कार्यकर्ता शनिवार को होने वाले ताइवान के चुनावों में एक अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर जा रही थी। उसे बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। वोंग ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि कार्यकर्ता का नाम वांछित की सूची में डाला गया था।