हॉकी इंडिया लेकर आया ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल

नई दिल्ली, 6 सितम्बर (आईएएनएस)| रियल टाइम रजिस्ट्रेशन सिस्टम को लागू करने और इस प्रक्रिया के भरपूर उपयोग की दिशा में पहल करते हुए हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को एक नया एवं कस्टम बिल्ट पोर्टल-हॉकी इंडिया मेंबर यूनिट्स पोर्टल-लॉन्च करने की घोषणा की। यह ऑनलाइन पोर्टल हॉकी इंडिया के पंजीकृत सदस्य इकाइयों को कई तरह की आजादी प्रदान करेगी। अब वे मौजूदा मैनुएल सिस्टम से डिजिटल प्लेटफार्म की ओर अग्रसर होंगे और अपने खिलाड़ियों तथा अधिकारियों के पंजीकरण, टेम्परोरी एवं परमानेंट खिलाड़ियों के ट्रांसफर से जुड़े आवेदन, भविष्य में होने वाले नेशनल चैम्पियनशिप के लिए दस्तावेजों की प्रस्तुती (टीम इंट्री फार्म सहित), पार्टिसिपेशन फीस इत्यादि के लिए इस आसान प्रक्रिया का उपयोग कर सकेंगे।

भारत सरकार के खेल एवं युवा मामलों को मंत्रालय द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए हॉकी इंडिया मेम्बर पोर्टल के माध्यम से सभी सदस्य इकाइयों को सदस्यता कम्प्लाएंस, राज्यस्तरीय इवेंट्स, ऑडिट रिपोटर्स इत्यादि से जुड़े दस्तावेजों को जमा करने में आसानी होगी। पहले यह काम मैनुअली होता था।

हॉकी इंडिया की पंजीकृत सदस्य इकाइयों को शुरूआती चरण में उन खिलाड़ियों के प्रलेखन को सत्यापित करने की आवश्कता होगी, जिनके नाम हॉकी इंडिया पहले से ही आईडी कार्ड जारी कर चुका है। साथ ही सम्बंधित श्रेणी के लिए जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही उसे नए खिलाड़ियों का पंजीकरण करना होगा।

हॉकी इंडिया से खिलाड़ियों के सम्बंध में अप्रूवल मिलने के बाद हर खिलाड़ी को हॉकी इंडिया पोर्टल पर पंजीकृत करना होगा। यह पंजीकरण खिलाड़ी के जीवन में एक बार ही सम्भव हो सकेगा और एक बार पंजीकरण होने के बाद खिलाड़ी की जन्म की तारीख, पिता का नाम नहीं बदला जा सकेगा। इससे उम्र और दस्तावेजों से जुड़े फ्रॉड मामलों पर नकेल लगाई जा सकेगी।

एक बार खिलाड़ी जब हॉकी इंडिया मेम्बर यूनिट पोर्टल पर पंजीकृत हो गया तो उसे हाकी इंडिया कार्ड प्रदान किया जाएगा। उन्हीं खिलाड़ियों को भविष्य में होने वाले हॉकी इंडिया राष्ट्रीय आयोजनों में हिस्सा लेने की छूट होगी, जो हॉकी इंडिया मेंम्बर यूनिट पोर्टल पर पंजीकृत हैं।

दस्तावेजों को अपलोड करने की प्रक्रिया की समाप्ति के बाद उन्हें सक्षम प्राधिकारी द्वारा सत्यापित और अनुमोदित किया जाएगा। साथ ही सदस्य इकाइयों के पास भविष्य में होने वाली हॉकी इंडिया चैम्पियनशिप्स के लिए अपनी सदस्य इकाई के स्वीकृत खिलाड़ियों के पूल से ही टीम बनाने औरउसे पंजीकृत कराने की आजादी होगी।

इस प्लेटफार्म को दूसरे चरण में इस तरह विकसित किया जाएगा कि इसमें सभी राज्य स्तरीय टूर्नामेंट्स/चैम्पियनशिप्स, कोचों, तकनीकी अधिकारी पंजीकरण, हॉकी इंडिया कोचिंग एजुकेशन पाथवे से जुड़ी जानकारियों इत्यादि को आनलाइन किया जा सके।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा कि यह मजबूत प्रक्रिया सत्यापित प्रलेखन सुनिश्चित करेगी। अहमद ने कहा, “इस पहल काउद्देश्य मैनुअल प्रणाली से डिजिटल प्रक्रिया तक आसान हस्तांरण सुनिश्चित करना है। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हॉकी से जुड़ी सभी जानकारी सत्यापित और सम्पूर्ण हो। हाकी इंडिया ने यह फैसला सर्वसम्मति से लिया है क्योंकि उसका मानना है कि डाटा को आसानी से हासिल करने के लिए पेपरलेस होना जरूरी है। शुरूआत में कुछ राज्य सदस्य इकाइयों को इस प्रक्रिया का पालन करने में दिक्कत आएगी और इसी को ध्यान में रखते हुए एक यूजर मैनुएल सभी सदस्य इकाइयों को दे दिया गया है और इसके अलावा हॉकी इंडिया के अधिकारी इस सम्बंध में आ रही किसी भी दिक्कत के निवारण के लिए उपलब्ध रहेंगे।”