गैस सिलेंडर विस्फोट से 2 मंजिला इमारत ढही , 12 लोगो की मौत

मऊ,14 अक्टूबर (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सोमवार को रसोई गैस का सिलेंडर फटने से एक मकान ध्वस्त हो गया। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह साढ़े छह बजे सिलेंडर फटने से कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था करने और इस हादसे के पीड़ितों को हर संभव मदद एवं राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

प्रत्याक्षदर्शियों के मुताबिक, वलीदपुर नगर के संगत जी के पास छोटू विश्वकर्मा के घर में सुबह सिलेंडर में आग लग गई। सिलेंडर में आग लगने की सूचना पर आसपास के लोग भी आग बुझाने के लिए पहुंच गए। इस बीच सिलेंडर एक तेज धमाके के साथ फट गया, जिसमें उस मकान के साथ-साथ आसपास के दो अन्य मकान भी मलबे में तब्दील हो गए।

स्थानीय पुलिस का कहना है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय मकान में करीब दो दर्जन लोग मौजूद थे। फिलहाल राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।

visit : punesamachar.com