11 सीटों की उम्मीद थी लेकिन नतीजे अपेक्षा के अनुरूप नहीं आए : शरद पवार

मुंबई : समाचार ऑनलाईन – लोकसभा चुनाव के जो नतीजे आए हैं उसकी अपेक्षा नहीं थी। लेकिन जनता ने जो फैसला सुनाया है उसे हम स्वीकार करते हैं। महाआघाड़ी ने जो प्रयास किया उसको जनता ने जो रिस्पांस दिया उसके लिए हम आभारी हैं। हम कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हैं। इन शब्दों में एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने लोकसभा चुनाव नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

गुरुवार दोपहर मुंबई के सिल्वर ओक निवास स्थान पर पत्रकार-वार्ता में वे बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस हार पर हम मंथन करेंगे। लोगों से संपर्क बढ़ाएंगे। चुनाव संपन्न हो गया है। नतीजे भी आ गए हैं। अभी महाराष्ट्र में भीषण सूखे की स्थिति है। हम सूखा पीड़ितों की मदद करेंगे सूखा पीड़ितों की मदद के लिए जो कार्यक्रम शुरू किया है वह इसी तरह जारी रहेगा।

शरद पवार ने कहा कि हम जो सीटें हारे हैं वे काफी कम अंतर से हारे हैं। पिछली बार वोटों का मार्जिन ज्यादा था। इस बार मार्जिन उतना नहीं है। इस चुनाव में भाजपा को सफलता मिली है। जीत तो जीत होती है, हम उनकी इस जीत को स्वीकार करते हैं।

अटलबिहारी वाजपेयी के समय के चुनाव हों या मनमोहन सिंह के समय के चुनाव, उस समय कोई शंका नहीं होती थी। लेकिन इस बार चुनाव आयोग और सत्ता चलाने वालों को लेकर देश में शंका का वातावरण था। चुनाव नतीजे अपेक्षा से अलग आए हैं। हमें 11 सीटों की उम्मीद थी। हमारे कार्यकर्ताओं ने अच्छा काम किया था। मेहनत की थी। अब हम और हमारे कार्यकर्ता इस बात को भूलकर अगले चुनाव की तैयारियों में लग गए हैं।