इंडोनेशिया से 15 करार, आतंकवाद पर बरसे पीएम मोदी

जकार्ता: तीन देशों की विदेश यात्रा के पहले पड़ाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पीएम मोदी का इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भवन में शाही स्वागत किया गया, इसके बाद दोनों देशों के बीच डेलीगेशन स्तर की बैठक भी हुई। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग समेत कुल 15 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जकार्ता की सबसे बड़ी इस्तिकलाल मस्जिद भी गए। इससे पहले उन्होंने महाभारत-रामायण की थीम पर आधारित पंतग महोत्सव का उद्घाटन भी किया और पतंग उड़ाई। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने भारत-इंडोनेशिया संबंधों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया की पंचशील फिलॉस्फी इंडोनेशिया के लोगों के विवेक और दूरदर्शिता का एक जीता जागता सबूत है।

हम आपके साथ हैं
उन्होंने भारत-इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय स्तर की बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “इंडोनेशिया में हुए आतंकी हमले में निर्दोष नागरिकों के मारे जाने का हमें गहरा दुख है। भारत इस प्रकार के हमलों की कड़ी निंदा करता है और इस मुश्किल घड़ी में भारत इंडोनेशिया के साथ मजबूती के साथ खड़ा है।” उन्होंने आगे कहा कि रमजान के इस पवित्र महीने में भारत के सवा करौड़ लोगों की तरफ से इंडोनेशिया के लोगों की समृद्धि, स्वास्थ्य और सफलता की कामना करता हूं। उन्हें आगामी ईद-उल फितर के त्योहार के लिए भी बधाई देता हूं। दोनों देश 2025 तक द्वपक्षीय व्यापार को 50 बिलियन डॉलर के स्तर तक ले जाने के लिए अपने प्रयास दोगुना करने पर भी सहमत हुए हैं।