22 वर्षीय युवती का गैंगरेप मामले में दो गिरफ्तार

पुणे : समाचार ऑनलाईन – पहाड़ी पर ले जाकर जबरन शराब पिलाकर एक 22 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप किए जाने की चौंकानेवाली वारदात पुणे के पिसोली में सामने आई है। शनिवार की शाम पिसोली की पहाड़ी पर हुई इस वारदात में पीड़ित महिला की शिकायत पर कोंढवा पुलिस ने कृष्णा बबन जाधव (22, निवासी सर्वे नं. 19, नटराज कालोनी, हडपसर, पुणे) और अक्षय भिकाजी चव्हाण (21, निवासी गुरूकृपा कालोनी, वडाचीवाडी, पुणे) के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता युवती एक विधवा है। वह हडपसर इलाके में रहती है। अक्षय और कृष्णा उसके घर के पास रहते हैं और उनके साथ उसकी जान पहचान है। शनिवार शाम को अक्षय महिला के घर आया और कृष्णा जाधव की तबीयत ठीक नहीं बताकर उसे गाड़ी में बैठाकर ले गया। इसके बाद कालेपडल में कृष्णा उनसे मिला। इस मुलाकात के बाद वे आगे आये। उंड्री से उन्होंने शराब खरीदी और महिला को लेकर पिसोली की पहाड़ी पर ले गए। यहां दोनों ने महिला को जबरन शराब पिलाई।
जब युवती नशे में धुत हो गई तब पहले कृष्णा ने फिर अक्षय ने उसके साथ बारी- बारी से बलात्कार किया। यही नहीं विरोध करने पर उन्होंने महिला से मारपीट भी की। इसके बाद वे युवती को वहीं छोड़कर भाग गए। खुद को संभालते हुए पीड़िता पहाड़ी से नीचे आयी और वहां से गुजर रही एक महिला से पूरी दास्तान बयां की। उस महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर इस वारदात की जानकारी दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज शुरू है।
इस बारे में प्राथमिकी दर्ज कर कोंढवा पुलिस और क्राइम ब्रांच यूनिट 5 की टीम इस मामले की छानबीन में जुट गई। टीम के कर्मचारी वाघमारे व कालभोर को मुखबिर से पता चला कि आरोपी कृष्णा जाधव व अक्षय चव्हाण अपने मूल गांव सोलापुर भागने की तैयारी में है। सोलापुर जाने के लिए ये दोनों दोपहर में 15 नंबर एसटी बस स्टॉप पर आए। यहां  युनिट-5 के पुलिस निरीक्षक दत्‍ता चव्हाण, सहायक निरीक्षक भालचंद्र ढवले, उपनिरीक्षक सोमनाथ शेंडगे, तासगावकर, कर्मचारी सुर्वे, मोहिते, सालवी, वाघमारे, रणसिंग, काटम, गायकवाड, गलांडे, दलवी, सेंगर और कालभोर आदि के समावेश वाली टीम ने जाल बिछाया। दोनों आरोपियों की शिनाख्त करने के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तब उन्होंने वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद दोनों को कोंढवा पुलिस के हवाले कर दिया।