एक्सप्रेस-वे पर रेलिंग तोड़ 30 फुट गहरे नाले में गिरी बस, 29 की मौत

आगरा : समाचार ऑनलाईन – आलमबाग बस टर्मिनल (लखनऊ) से चलकर दिल्ली जा रही यूपीएसआरटीसी के अवध डिपो की एसी जनरथ बस सोमवार की सुबह यमुना एक्सप्रेस-वे (एत्मादपुर) झरना नाले में गिर पड़ी। बस 30 फुट ऊंचाई से नाले में गिरी। हादसा थाना एत्मादपुर क्षेत्र के झरना नाले के पास हुआ, जब अवध डिपो की बस एक्सप्रेस-वे की रेलिंग तोड़ती हुई नाले में गिरी। दिल दहला देने वाले हादसे में एक महिला और बच्चे सहित 29 सवारियों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। 22 को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आगरा आ गए। मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की गई है। हेल्प लाइन नंबर जारी किया गया है।

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 24 घंटे में घटना की जांच करने के लिए परिवहन आयुक्त, मंडल कमांडर और आईजी आगरा की एक कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी इस तरह की दुर्घटनाओं से बचने के लिए लंबी अवधि की सिफारिशों पर घटना के कारण और रिपोर्ट पर भी रिपोर्ट देंगी।

पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
आगरा बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। उन्होंने मरने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा है कि जो घायल हैं वो जल्दी ठीक हो जाएं। पीएम ने कहा राज्य और केंद्र सरकार हरसंभव मदद कर रही हैं।

घटना सुबह करीब 4।15 मिनट की है। ड्राइवर कृपाशंकर यूपी33 एटी 5877 बस चला रहा था। परिचालक अवनीश मिश्रा अपनी सीट पर था। गांव चौगान ठार (एत्मादपुर) पर बने माइनर पुल 162/1 पर हादसा हुआ। यमुना एक्सप्रेस-वे पर दोनों तरफ झरना नाले के ऊपर पुल बने हुए हैं। दोनों पुलों के बीच में लगभग 27 फुट की खाली जगह है। बस दिल्ली की दिशा में ओवर टेकिंग लाइन में थी। बस पहले डिवाइडर पर चढ़ी। छह मीटर डिवाइडर पर चली। दोनों पुलों के बीच खाली जगह में लोहे की रैलिंग लगी है। उसे तोड़ा। अगला एक्सल टूट गया। दोनों पहिया लोहे की रेलिंग के पास ही गिर पड़े। बस की उल्टी तरफ का हिस्सा पुल की एक फुट चौड़ी और चार फुट ऊंची बाउंड्री पर चढ़ गया। बस तिरछी हो गई। रफ्तार अधिक होने के चलते बस लगभग पांच मीटर मीटर दीवार से घिसटते हुए 30 फुट नीचे झरना नाले में गिर पड़ी। तेज आवाज हुई। पास ही नलकूप पर चौकीदार सौदान सिंह सो रहा था। उसकी नींद खुली। उसने नाले में बस को उल्टा देखा तो चीखते हुए गांव में पहुंचा। ग्रामीण मौके पर आ गए। पुलिस को सूचना दी। परिचालक सहित 22 सवारियों को बचा लिया गया। 29 के शव करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाले जा सके।

अमीत शाह ने शोक जताया

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुई सड़क दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुये अपने ट्वीट में कहा मैं यमुना एक्सप्रेस-वे में हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और उम्मीद करता हूं कि घायल जल्द ही स्वस्थ हो जाएं। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी आगरा के पास हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में पर दुख प्रकट किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया है जिसमें 29 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट से बात की और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।

यमुना एक्सप्रेस वे पर हुई भीषण बस दुर्घटना की खबर स्तब्ध करने वाली है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों की पीड़ा के बारे में सोचकर मन विचलित है। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति दे। दुर्घटना में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूँ।

आगरा के डीएम एनजी रवि कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही जरूरी कदम उठाये गये। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। नाले में पानी भरे होने की वजह से राहत कार्य में मुश्किल आईं। मरने वालों में एक बच्ची भी एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि मरने वालों में एक बच्ची भी शामिल है। हो सकता है ड्राइवर की आंख लगने की वजह से हादसा हुआ हो। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से पूरा किया गया। लोगों के सामान से मृतकों की शिनाख्त की गई।

हेल्पलाइन नंबर जारी
प्रशासन द्वारा रोडवेज बस हादसे का टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर-18001802877 जारी किया गया। आरएम के फोन नंबर 9412781886 पर भी किसी सूचना के लिए लोग संपर्क कर सकते हैं। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव और ट्रांसपोर्ट कमिश्नर आगरा पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख मुआवजे का ऐलान किया है। साथ ही इस भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि घायलों को समुचित इलाज मुहैया कराई जाए।