बुर्किना फासो में आतंकी हमले में 35 नागरिकों की मौत

औगाडौगू, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)| उत्तरी बुर्किना फासो के सौम प्रांत में जिहादियों ने हमला कर 35 नागरिकों की हत्या कर दी, मृतकों में अधिकांश महिलाएं हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, राष्ट्रपति रोच मार्क क्रिश्चियन काबोर ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सेना ने एक बयान में कहा कि जिहादियों के एक बड़े समूह ने सौम प्रांत के आबिंर्डा में सैन्य टुकड़ी और नागरिकों पर एक साथ हमला किया।

सैन्य बयान के अनुसार, हिंसा कई घंटों तक चली।

सेना ने कहा कि मंगलवार के हमले को सेना द्वारा किए जवाबी हमले में सात सैनिक और 80 आतंकवादी मारे गए।

राष्ट्रपति काबोर ने पश्चिमी अफ्रीकी देश में दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।

इस महीने की शुरुआत में, पूर्वी बुर्किना फासो में एक चर्च के अंदर बंदूकधारियों द्वारा गोलीबारी किए जाने की घटना में कम से कम 14 लोग मारे गए थे। 2015 से बुर्किना फासो में जिहादी हमले बढ़े हैं।