शिवसेना नगरसेविका के पति सहित हिंसा भड़काने वाले 36 गिरफ्तार

ठाणे/समाचार ऑनलाइन

मराठा आंदोलन के दौरान ठाणे में हुई हिंसा के सिलसिले में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें नगरसेविका निर्मला कणसे के पति शरद कणसे भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। नौपाडा पुलिस ने कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कापूरबावाड़ी, वर्तकनगर और वागले इस्टेट पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।

शरद कणसे पर नौपाडा और वागले पुलिस स्टेशन में दो मामले दर्ज किए गये हैं। अदालत ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को 7 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गौरतलब है कि आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर चार घंटे चक्का जाम किया था। उपायुक्त  डॉ. स्वामी ने आंदोलनकारियों को समझा बुझाकर वहां से हटाया था, लेकिन नितिन कंपनी सर्विस रोड पर मौजूद कुछ युवाओं ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जिसके बाद हिंसा भड़क गई। अब पुलिस ने इस मामले में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।