डॉ. अमोल कोल्हे पर 55 लाख का कर्ज

पिंपरी : पुणे समाचार – अभिनेता से नेता बने डॉ अमोल कोल्हे शिरूर लोकसभा चुनाव क्षेत्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। कल उन्होंने जोरदार शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के साथ पेश किए संपत्ति के ब्यौरे के अनुसार उनकी और उनकी पत्नी के नाम पर कुल चार करोड़ 33 लाख 51 हजार 521 रुपए की चल- अचल संपत्ति है। डॉ कोल्हे पर 55 लाख रुपए का कर्ज भी है।

एमबीबीएस तक की पढ़ाई पूरी करने वाले डॉ कोल्हे की पत्नी अश्विनी भी डॉक्टर है और वह मुंबई के केईएम हॉस्पिटल में नियुक्त हैं। डॉक्टर से ज्यादा एक अभिनेता के तौर पर अमोल कोल्हे को भले ही ज्यादा पहचाना जाता हो मगर उन्हें एक अभिनेता से ज्यादा डॉक्टर के तौर पर आय मिलती है। नारायणगांव में उनकी 66 लाख रुपए की 6 एकड़ 33 गूंठा जमीन है। नारायणगांव में पुश्तैनी घर के अलावा मुंबई प्रभादेवी में उनका घर है।

डॉ कोल्हे के पास डेढ़ लाख और उनकी पत्नी के पास एक लाख की हैंडकैश है। उनकी 44 लाख और पत्नी की आठ लाख 90 हजार रुपए की फिक्स डिपॉजिट है। इसके अलावा उन्होंने शेयर्स में चार लाख 26 हजार रुपए निवेश किये हैं। उनके पास 24 लाख रुपए और पत्नी के पास 18 हजार रुपए का वाहन है। उनकी पत्नी के पास सात लाख 98 हजार रुपए के जेवर हैं जबकि खुद उनके पास दो लाख 46 हजार रुपए के जेवरात हैं। शिवसेना से राष्ट्रवादी कांग्रेस में शामिल हुए डॉ अमोल कोल्हे के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है।