नागपुर मेट्रो के 6 डिब्बे चीन से हुए रवाना

नागपुर : समाचार ऑनलाइन – नागपुर मेट्रो के निदेशक बृजेश दीक्षित ने चीन से नागपुर आने वाली माझी मेट्रो को हरी झंडी दिखा दी है। चीन से 6 मेट्रो कोच जहाज से पहले चेन्नई और फिर चेन्नई से नागपुर लाए जाएंगे। यह समारोह नागपुर के सिविल लाइंस स्थित मेट्रो कार्यालय में मीडिया व अधिकारियों की उपस्थिति में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुआ। नागपुर मेट्रो का काम तेज़ी से चल रहा है, चीन को 69 कोच बनाने का ऑर्डर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो प्रोजेक्ट में चीन, जर्मनी और जापान जैसे देशों की मदद ली जा रही है। इसके एक कोच की कीमत 8 करोड़ 2 लाख रुपए है। जिसे दुनिया में सबसे सस्ता बताया का रहा है। दीक्षित ने कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बताया कि नागपुर में कोच आने का सिलसिला जारी हो गया है। जनवरी से जुलाई तक पूरे कोच नागपुर आ जाएंगे।

2 मेट्रो यानी कुल 6 कोच दौड़ाने की तैयारी पूरी हो गई है। पहली बार चीन से यह कोच नागपुर के लिए निकले हैं। इससे पहले भी 6 कोच नागपुर पहुंचे हैं, लेकिन वह हैदराबाद स्थित एक कंपनी से आये हैं। चीन निर्मित मेट्रो का पहला कोच ड्राइवर कोच रहेगा। जबकि मध्य और पीछे वाला यात्रियों का रहेगा। हालांकि, ड्राइवर कोच में भी यात्री बैठ सकेंगे। एक कोच की क्षमता 900 यात्रियों की होगी।