त्रिपोली में जारी हिंसा में अब तक 653 की मौत

त्रिपोली : समाचार ऑनलाईन – लीबिया की राजधानी त्रिपोली पर फील्ड मार्शल खलीफा हफ्तार के नेतृत्व वाली लीबियन नेशनल आर्मी (एलएनए) के आक्रमण शुरू होने के बाद से अब तक कम से कम 653 लोगों की मौत हो चुकी है तथा  3,547 से अधिक लोग घायल हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने अपनी एक रिपोर्ट में यह खुलासा किया है। डब्ल्यूएचओ ने इससे पहले अपनी एक रिपोर्ट में 607 लोगों के मारे जाने तथा 3,261 से अधिक लोगों के घायल होने की बात कही थी।

डब्ल्यूएचओ ने टि्वटर पर लिखा है कि संयुक्त राष्ट्र समर्थित राष्ट्रीय समझौता सरकार (जीएनए) और एलएनए के बीच जारी संघर्ष के कारण त्रिपोली में कम 653 लोग मारे गये हैं तथा 3,547 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मौजूदा समय में त्रिपोली पर जीएनए का नियंत्रण है। डब्ल्यूएचओ ने टि्वटर पर लिखा, त्रिपोली झड़प: इस बीते सप्ताह में आम लोगों के साथ तीन स्वास्थ्यकर्मी भी मारे गये। इसके साथ ही लीबिया की राजधानी त्रिपोली में जारी संघर्ष में 653 लोगों की मौत हुई है, जिसमें 41 आम नागरिक हैं इसके अलावा 3547 घायल हुए हैं जिनमें 126 आम नागरिक हैं।

उल्लेखनीय है कि हफ्तार ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त जीएनए के कब्जे से त्रिपोली को मुक्त कराकर उस पर अपना आधिपत्य स्थापित करने के लिए संघर्ष शुरू किया है। एलएनए ने त्रिपोली के नजदीक स्थित कई गांवों और लीबिया की राजधानी से लगभग 20 मील दूर स्थित त्रिपोली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कब्जा जमा लिया है। जीएनए के प्रति वफादार सेनाओं ने हफ्तार की कार्रवाई को अपमानजनक करार देते हुए इसके खिलाफ अभियान चलाने की बात कही है। गौरतलब है कि लीबिया के लंबे समय तक शासक रहे मुअम्मर गद्दाफी के वर्ष 2011 में निधन के बाद से देश कई संकटों का सामना कर रहा है।