पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 7 की मौत

बदायूं :  समाचार ऑनलाइन

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में आज शाम एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में सात लोगों की मौत हो गई है। धमाका इतना ज़ोरदार था कि पूरी की पूरी बिल्डिंग उड़ गई। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में दिवाली के लिए पटाखे बनाने का काम चल रहा था और अचानक फैक्ट्री में धमाका हो गया। दुर्घटना में 7 की मौत हुई है, जबकि तीन घायल बताये जा रहे हैं। इमारत के मलबे में भी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड तुरत घटना स्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायलों को बरेली रेफर किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह पटाखा फैक्ट्री बदायूं जिले के गांव रसूलपुर के पास स्थित थी और यहां अवैध तरीके से पटाखे बनाने और बेचने का काम चल रहा था।