7 साल के ‘कैप्टन’ ने उड़ाया यात्री विमान,  जाना चाहता है मंगल पर 

कंपाला. ऑनलाइन टीम : जहां चाह, वहां राह…इसे चरितार्थ किया है अफ्रीकी देश युगांडा के 7 साल के बच्चे ने। इसने तीन बार सेसना यात्री विमान को उड़ाकर तहलका मचा दिया है। यह बच्चा ‘कैप्टन’ के रूप में दुनियाभर में सुर्खियों में आ गया है।    असली नाम ग्राहम शेमा है।

यह घटना युगांडा की राजधानी कंपाला के बाहरी इलाके की है।  ग्राहम बाहर खेल रहा था। उसकी मां ने बताया कि उड़ते हुए विमान को देखकर बेटे के दिमाग में पायलट बनने का कीड़ा पैदा हो गया। इसके बाद तो वह यह जानना शुरू कर दिया कि प्लेन कैसे काम करता है। इसके बाद ग्राहम की मां ने स्थानीय एविएशन अकादमी से संपर्क किया और घर पर ही विमान के बारे में ग्राहम को जानकारी देना शुरू कर दिया। पांच महीने बाद ग्राहम ने पहली बार उड़ान भरी और कहा, ‘ऐसा लग रहा था कि चिड़िया आकाश में उड़ रही है।’

विमान के बारे में अद्भुत जानकारी और उड़ाने की कला के कारण ग्राहम को लोग प्यार से ‘कैप्टन’ बुलाते हैं। अमेरिका के चर्चित उद्योगपति एलन मस्क उनके रोल मॉडल हैं। मात्र 7 साल के कैप्टन तीन बार पहले ही ट्रेनी के रूप में सेसना 172 विमान उड़ा चुके हैं। मैथ और साइंस के दीवाने ग्राहम ने कहा कि उनका सपना एक पायलट और एक आस्ट्रोनॉट बनने का है और एक दिन मंगल ग्रह पर जाने का है।