यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में 8 मरे, 24 घायल

ग्रेटर नोएडा (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार बस ने पीछे से एक ट्रक को टक्कर मार दी जिसके चलते एक महिला समेत आठ लोग मारे गए और 24 अन्य घायल हो गए। उत्तर प्रदेश पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसा एक्सप्रेसवे जीरो पॉइंट से करीब 29 किलोमीटर दूर करौली गांव के पास सुबह पांच बजे के आसपास हुआ। यात्रियों से भरी बस आगरा से नोएडा जा रही थी। चालक अंधेरे में ट्रक को देख नहीं पाया और पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के चलते बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया और बचाव कार्य में भी मदद की।

राबूपुरा के एसएचओ सुनील कुमार सिंह ने आईएएनएस को बताया, “टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। घायलों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला गया और पास के क्षेत्र जेवर में कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।” मारे गए लोगों में बस का चालक भी शामिल है। सिंह ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।