पुणे जिले में कोरोना के 8292 और शहर में 2546 नए मामले 

पिंपरी चिंचवड़ में 48 घँटे के भीतर मिले 3000 से ज्यादा मरीज
पुणे/पिंपरी। महामारी कोरोना के संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित पुणे जिले में पुणे और पिंपरी चिंचवड़ शहरों में इसका प्रकोप ज्यादा फैला है। सोमवार को जहां जिले में 8292 नए मामले सामने आए हैं। उसमें से अकेले पुणे शहर में मिले 2547 मरीज शामिल हैं। आज नए से 32 मौतें दर्ज हुई हैं। इसमें से 8 मरीज गैर पुणेवासी हैं।

आज 2771 मरीज इलाज के बाद अस्पताल से घर लौट गए हैं। पुणे में कोरोना के अब तक 2 लाख 61 हजार 659 मरीज मिले हैं, जिसमें से कुल 2 लाख 23 हजार 541 मरीज कोरोना मुक्त हुए और कुल 5243 मरीजों की मौत हुई है। पुणे में फिलहाल 32 हजार 875 मरीजों का इलाज जारी है। इसमें से 674 मरीजों की हालत गंभीर है।

पुणे के पड़ोसी पिंपरी चिंचवड़ शहर में बीते 48 घन्टे के भीतर तीन हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। सोमवार को 1472 मरीज मिले हैं, इसके बाद कुल मरीजों की संख्या एक लाख 36 हजार 13 तक पहुंच गई है। इसमें से एक लाख 17 हजार 492 मरीज कोरोना मुक्त हुए हैं। आज नए से 941 मरीज इलाज के बाद अस्पताल से घर लौट गए हैं। शहर में कोरोना के चलते अब तक 1977 मरीजों की मौत हुई है जिसमें से आज 6 मौतों का समावेश है।

हालांकि इनमें 2 मरीज गैर पिंपरी चिंचवड़ वासी हैं। शहर में अब तक गैर शहरवासी 832 मरीजों की मौत हुई है। फिलहाल पिंपरी चिंचवड़ शहर में 16 हजार 544 एक्टिव मरीज हैं। इनमें से 2816 मरीजों का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि अन्य सभी मरीज होम आइसोलेशन में हैं। इसके अलावा 367 गैर पिंपरी चिंचवड़ वासियों का भी शहर में इलाज जारी है। बहरहाल वाईसीएम हॉस्पिटल में मरीजों की भड़ीमार रहने से बेड्स फुल हो गए हैं।