मध्यप्रदेश कांग्रेस की एक गलती ने बढ़ाई भाजपा की ताकत

भोपाल : समाचार ऑनलाइन – अब इसे कांग्रेस का दुर्भाग्य कहें, नेताओं की नासमझी या कुछ और कि जब भी माहौल कांग्रेस के पक्ष में होता दिखाई देता है, कुछ न कुछ गलत हो जाता है। मध्यप्रदेश में भाजपा अंदरूनी कलह और विपक्ष की बढ़ती ताकत को लेकर आशंकित चल रही थी, लेकिन एकदम से वह फिर आक्रामक मुद्रा में आ गई है। इसके अलावा संघ के वे कार्यकर्ता भी अब भाजपा के पक्ष में प्रचार के लिए जुट गए हैं, जो पार्टी के कार्यकलापों से नाराज होकर घर बैठ गए थे। इसकी वजह है कि कांग्रेस का वह वचन पत्र, जिसमें उसने शासकीय परिसरों में संघ की शाखाओं पर प्रतिबंध लगाने की बात कही है। हालांकि, भाजपा और उसके समर्थकों ने इसे इस तरह प्रचारित किया है जैसे कांग्रेस राज्य की सत्ता सँभालते ही संघ को पूरी तरह प्रतिबंधित कर देगी।

ऐसे वक़्त में जब जनता के मन में वोट को लेकर विचारों का जन्म होता है, कांग्रेस का यह दांव उसके लिए उल्टा पड़ सकता है। कम से कम मौजूदा परिदृश्य तो यही इशारा कर रहा है। कांग्रेस को भी कहीं न कहीं इसका आभास हो चुका है, इसलिए पार्टी डैमेज कंट्रोल में जुटी हुई है। वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कई मौकों पर यह साफ़ किया है कि पार्टी का ऐसा कोई इरादा नहीं है। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस नेताओं को एक चिट्ठी भी लिखी है, जिसमें संघ और संवेदनशील मुद्दों पर बोलने से बचने की नसीहत दी गई है।

कमलनाथ की चिट्ठी में लिखा है कि कांग्रेस नेता संघ, धार्मिक और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर टिप्पणी न करें। न्यायालय में लंबित मामलों पर टिप्पणी से बचें। इसके अलावा प्रतिद्वंद्वी नेताओं पर अपमानजनक टिप्पणी से भी परहेज़ करें, बिना प्रमाण आरोप ना लगाएं। कमलनाथ ने चिट्ठी में यह भी लिखा है कि कांग्रेस भारतीय संविधान,सर्वोच्च न्यायालय और चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करती है और मुझे आशा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता इन निर्देशों का पूरी तरह पालन करेंगे।

जानकर मानते हैं कि कांग्रेस के संघ विरोधी वचन पत्र का सबसे ज्यादा असर मालवा-निमाड़ में देखा जा सकता है। मालवा-निमाड़ में संघ के कार्यकर्ता भाजपा से नाराज थे और ज्यादातर घर बैठे हुए थे, लेकिन कांग्रेस का वचन पत्र सामने आने के बाद सभी सक्रिय हो गए हैं। संघ के कार्यकर्ता अब तक केवल मतदान करने की अपील कर रहे थे,लेकिन अब वे कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाने में भी जुट गए हैं।