चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली छात्रा राजस्थान में मिली

लखनऊ (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली लापता छात्रा को उत्तर प्रदेश पुलिस ने ढूंढ लिया है। लड़की फिलहाल पुलिस सुरक्षा में है और किन्हीं कारणों से उसे सामने नहीं लाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने छात्रा को राजस्थान से ढूंढ निकाला है। पुलिस ने शुक्रवार को ट्वीट के माध्यम से इस बात की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार लड़की के साथ उसका एक दोस्त भी मिला है। अब लड़की को उत्तर प्रदेश लाने की तैयारी की जा रही है।

ज्ञात हो कि लापता हुई छात्रा ने एक वीडियो क्लिप में आरोप लगाया था कि चिन्मयानंद उसे प्रताड़ित कर रहे थे, जिसके बाद शाहजहांपुर पुलिस ने मंगलवार को चिन्मयानंद के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की थी। छात्रा के पिता ने पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया था कि चिन्मयानंद ने उनकी बेटी का यौन उत्पीड़न किया है।

पीड़ित लड़की के पिता हरीश चंद्र गुप्ता के मुताबिक 23 अगस्त को वीडियो वायरल होने के बाद छात्रावास में लड़की के कमरे में ताला लगा पाया गया था। गुप्ता ने बताया कि इसके बाद 24 अगस्त को दिल्ली के एक मोबाइल नंबर से उनकी बेटी का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि वो ठीक है। इससे आगे उसकी परिजनों से अधिक बात नहीं हो सकी।

भाजपा नेता चिन्मयानंद के वकील ने इस आरोप का खंडन करते हुए दावा किया कि यह उन्हें ब्लैकमेल करने की एक साजिश है। इस हाई प्रोफाइल मामले के सामने आने से सूबे की सियासत में भी हड़कंप मचा हुआ है।

उप्र पुलिस ने लापता लड़की को खोजने के लिए सात टीमें बनाईं थीं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित लड़की के छात्रावास का कमरा सील कर दिया था।

शाहजहांपुर शहर के कोतवाल प्रवेश सिंह ने गुरुवार को बताया कि स्वामी शुकदेवानंद लॉ कॉलेज परिसर में बने छात्रावास में लड़की का कमरा सील कर दिया गया है ताकि सबूतों के साथ छेड़छाड़ न की जा सके।

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद आठ साल बाद फिर से विवादों में फंसे है। इससे पहले उनकी एक शिष्या ने उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था, जो अभी विचाराधीन है। इस बार उनके कॉलेज की छात्रा ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

छात्रा के लापता होने पर स्वामी चिन्मयानंद पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था।