बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद अगवा किये गए युवक की निर्मम हत्या

पुणे | समाचार ऑनलाइन
बर्थडे सेलिब्रेशन में आए एक युवक को अगवा कर उसकी निर्मम हत्या किए जाने की वारदात सामने आई है। आदित्य खोत उम्र 25, निवासी पिंपरी ऐसा मृतक का नाम है। वह अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में गया था जहाँ से उसे अगवा कर लिया गया। पिंपरी से उसे सिम्बॉयसेस कॉलेज रोड से नांदेगाव की पहाड़ी पर ले जाया गया। यहाँ उनकी तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे यह वारदात उजागर हुई।
पिछले दो दिन से घर नहीं लौटे आदित्य के गुमशुदा होने की शिकायत उसके परिजनों ने पिंपरी पुलिस में दर्ज कराई गई है। अब पौड़ पुलिस की सीमा में उसकी लाश मिलने से खलबली मच गई है। इस बारे में आदित्य के घरवालों को सूचित किया गया है। पुलिस को उसके दोस्तों जतिन मेवाती, मोनू ताक और उनके साथियों पर शक है। बहरहाल इस बारे में प्राथमिकी दर्ज करने का काम शुरू है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। पुणे ग्रामीण पुलिस के उपाधीक्षक गणपत माडगुलकर भी मौके पर पहुंचे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आदित्य मंगलवार की रात अपने एक दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में शरीक होने गया था। पिंपरी के सुभाष नगर स्थित नदी घाट पर यह सभी लोग इकट्ठा हुए। यहां पर जतिन उसके साथी भी मौजूद थे। केक काटने के बाद बर्थडे सेलिब्रेशन पार्टी में जाने का बहाना कर आदित्य को जबरन दोपहिया पर बैठा कर ले जाया गया। लवले स्थित सिंबॉयसिस कॉलेज रोड से उसे नांदगाव परिसर में ले जाया गया। यहां की पहाड़ियों में ले जा कर तेजधार हथियारों से उसकी गर्दन और सिर पर वार कर हत्या की गई। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
इस बीच पौड़ पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक अनिरुद्ध गिजे को नांदगांव की पहाड़ी पर किसी की हत्या करने के बाद उसकी लाश फेंके जाने की जानकारी मिली। इसके अनुसार थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुरेश निंबालकर, गिजे और उनकी टीम मौके पर पहुंची। आज सुबह 8:30 बजे के करीब आदित्य की लाश को ढूंढ निकाला गया। इस बारे में आदित्य के रिश्तेदारों को सूचित किया गया है। वही उसके दोस्तों से जानकारी जुटाकर आरोपियों की तलाश में टीमें रवाना की गई है। फिलहाल इस बारे में प्राथमिकी दर्ज करने का काम जारी है।