गठबंधन की सरकार बनी तो सोमवार से शनिवार तक ये-ये बनेंगे पीएम: शाह

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – लोकसभा चुनाव नजदीक है। विपक्ष हर हाल में सत्ता पार्टी भाजपा को सत्ता से हटाना चाहता है। हालांकि इस महागठबंधन में अभी तक ये तय नहीं हो पाया है कि कौन सी पार्टी कहां और कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी। साथ ही प्रधानमंत्री का चेहरा भी अभी तक साफ़ नहीं हो पाया है और इसका पक्ष पार्टी सबसे ज्यादा फ़ायदा उठा रही है। भाजपा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को गठबंधन पर तंज कसा है। कानपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने देश में गठबंधन की सरकार बनने पर उसके प्रधानमंत्रियों की सूची गिनाई और कहा कि रविवार को देश छुट्टी पर चला जाएगा।

इस दौरान अमित शाह ने कहा कि देश में यदि गठबंधन की सरकार बनती है तो ‘सोमवार को बहनजी, मंगलवार को अखिलेश, बुधवार को ममता दीदी, गुरुवार को शरद पवार, शुक्रवार को देवेगौड़ा और शनिवार को स्टालिन पीएम बन जाएंगे और रविवार को देश छुट्टी पर चला जाएगा। भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि एक तरफ हम पूरी शक्ति के साथ नया भारत बनाने की दिशा में कार्य कर रहें हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ ऐसे भी लोग हैं जो हमारे इन प्रयासों का मजाक उड़ा रहे हैं।

शाह ने यूपी की योगी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था हमेशा बिगड़ी हुई रहती थी। आज वहां कानून का राज है। आज पूरे उत्तर प्रदेश से गुंडों का पलायन हो चुका है। राहुल और उनकी कंपनी घुसपैठियों के मानवाधिकार को लेकर चिंतित हैं। शाह ने पूछा कि क्या वे आपके मौसेरे भाई हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ही बिना कोई समझौता किए देश को चला सकते हैं। बता दें कि मंगलवार को अमित शाह ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा था। एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा था कि नागरिकता संशोधन विधेयक पर ममता बनर्जी को अपनी राय स्पष्ट करनी चाहिए।