अमित शाह का उप्र का दौरा आज, लखनऊ व गोरखपुर में कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

लखनऊ, 23 फरवरी (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। पहले वह राजधानी लखनऊ में डॉ. राममनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में सहकारिता विभाग के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह गोरखपुर में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने बताया की राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज सहकारिता विभाग के कार्यक्रम में भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि सभी 1,405 सहकारी संघों में भी भाजपा के ही अध्यक्ष हैं। इन सभी को सम्मेलन में बुलाया गया है। इस दौरान वह सहकारी संस्थाओं को सरोकारी बनाकर संचालित करने का तौर-तरीका भी लोगों को बताएंगे।

प्रदेश के मीडिया इंचार्ज मनीष दीक्षित ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरखपुर में राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अधिवेशन में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियां किसानों को बताई जाने वाली है। साथ ही लोकसभा चुनाव के लिए किसानों से सहयोग मांगा जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय भी मौजूद रहेंगे।

दीक्षित के अनुसार, समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह मौजूद रहेंगे। गोरखपुर में प्रधानमंत्री किसान रैली को भी संबोधित करेंगे।