आंध्रप्रदेश में होंगे 5 डिप्टी CM, जगन मोहन रेड्डी का ऐतिहासिक फैसला

हैदराबाद : समाचार ऑनलाइन – आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव 2019 में शानदार प्रदर्शन के बाद वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने पांच उप मुख्यमंत्री नियुक्त करने का फैसला लिया है। पार्टी के एक विधायक मोहम्‍मद मुस्‍तफा शेख ने ऐलान किया है कि मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की कैबिनेट में पांच-पांच डिप्टी सीएम होंगे। जानकारी के मुताबिक, जो अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ी जाति, अल्पसंख्यक और कापू समुदाय में से होंगे। शुक्रवार को पार्टी की बैठक में रेड्डी ने अपनी योजनाओं के बारे में बताया।

बता दें कि देश में ऐसा पहली बार होगा जब किसी कैबिनेट में पांच उप मुख्यमंत्री होंगे। इन पांच लोगों में से दो पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के लिए भी काम कर चुके हैं, जो पिछड़ी जाति और कापू समुदाय से हैं। जगन रेड्डी अपनी केबिनेट के साथ कल दोपहर शपथ लेंगे। इसमें मुख्‍यमंत्री के अलावा 5 उप मुख्‍यमंत्री और 19 केबिनेट मंत्री शपथ लेंगे। रेड्डी ने कहा कि ‘वह ढाई साल बाद कैबिनेट में फेरबदल करेंगे’। बता दें कि लोकसभा चुनावों के साथ हुए आंध्रप्रदेश विधानसभा चुनावों में जगनमोहन रेड्डी की पार्टी ने 175 में 151 सीटों पर जीत हासिल की जबकि एन चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी को मात्र 23 सीटों पर जीत मिली थी।