राष्ट्रवादी के एक और विधायक भाजपा की राह पर…

मुंबई । पुणे समाचार

विधानपरिषद के विधायक निरंजन डावखरे के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस का एक और विधायक भाजपा का दामन थामने की तैयारियों में रहने की खबर है। गुरुवार को जब डावखरे भाजपा में शामिल होने पार्टी के दफ्तर पहुंचे तब उन्हें वहां तक छोड़ने राष्ट्रवादी के विधायक नरेंद्र पाटिल उनके साथ थे। डावखरे का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने और विधायकों के कतार में रहने के संकेत दिए। ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि डावखरे के बाद अगला नम्बर विधायक नरेंद्र पाटिल का है।

हांलाकि विधायक पाटिल ने भाजपा में शामिल होने की खबरों से इंकार किया है। निरंजन डावखरे मेरे करीबी दोस्त हैं, उन्हें इस घड़ी साथ देने के लिहाज से उन्हें छोड़ने गया था, यह राय उन्होंने दी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जयंत पाटिल ने भी नरेंद्र पाटिल के भाजपा में जाने की संभावना से इन्कार किया है। उन्होंने यह दावा भी किया है कि माथाडी मजदूर राष्ट्रवादी हाईकमान शरद पवार के साथ ही हैं। बहरहाल हालात कुछ और ही इशारा कर रहे हैं। विधानपरिषद चुनाव के नतीजे और सदन में विधायकों की घटती संख्या ने विधानपरिषद में धनजंय मुंडे के विपक्षी नेता पद के लिए भी खतरा बढ़ा दिया है।

कौन हैं नरेंद्र पाटील?
राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक नरेंद्र पाटिल की पहचान माथाडी मजदूर नेता के तौर पर है। वे माथाडी मजदूर संगठन के नेता और संस्थापक अण्णासाहेब पाटिल के पुत्र हैं। बीते कुछ दिनों से उनके राष्ट्रवादी त्यागकर भाजपा में शामिल होने की खबरें आ रही हैं। कुछ दिनों पूर्व माथाडी मजदूरों की मांगों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सकारात्मक भूमिका अपनायी। तब विधायक पाटिल ने भी संकेत दिए थे कि, माथाडी मजदूरों के मसले हल होते हों और मराठा मोर्चा की माँगे पूर्ण होती हों तो वे भाजपा में शामिल होने का विचार कर सकते हैं।