विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का एक और दांव

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – साढ़े चार साल सत्ता में रहने के बाद भी प्राधिकरण क्षेत्र के अवैध निर्माणों के नियमितीकरण, किसानों को साढ़े 12 फीसदी जमीन वापसी के मसलों को हल करने के लिए विधानसभा के नए चुनाव का इंतजार किया गया। तकरीबन तीन माह बाद होने जा रहे चुनाव की पृष्ठभूमि पर सत्तादल भाजपा ने उक्त मसलों को हल करने के बाद अब एक औऱ नया चुनावी दांव चला है। पिंपरी चिंचवड़ शहर में 500 वर्ग फीट क्षेत्र के आवासों को संपूर्णतः प्रॉपर्टी टैक्स माफ करने की गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
भाजपा के शहराध्यक्ष एवं विधायक लक्ष्मण जगताप ने महापौर राहुल जाधव को एक पत्र भेजकर शहर में 500 वर्ग फीट क्षेत्र के सभी आवासों का पूरा प्रॉपर्टी टैक्स माफ करने की मांग की है। मनपा सभागृह में इस आशय का नीतिपूर्ण फैसला करने की सलाह उन्होंने इस पत्र के जरिये दी है। साथ ही उन्होंने यह भी याद दिलाया है कि पिंपरी चिंचवड़ शहरवासियों ने भाजपा को झोली भर- भर कर दिया है। चुनाव के दौरान शहर की जनता से किये गए वादों को पूरा करना पार्टी का परम कर्तव्य है।
इस बारे में विधायक जगताप ने बताया कि, 500 वर्ग फीट क्षेत्र के घरों में आम नागरिक बसते हैं। उन्होंने पाई- पाई जोड़कर अपने घर का सपना जैसे- तैसे पूरा किया है। इसके लिए बैंकों व फाइनान्स कंपनियों से कर्ज लिया है जिसे वे ताउम्र चुकाते रहते हैं। अगर हम उनका प्रॉपर्टी टैक्स माफ करने जैसा फैसला करते हैं तो शहर के आमजनों को काफी राहत मिल सकेगी। बहरहाल प्रॉपर्टी टैक्स माफी की कोशिशों को आगामी विधानसभा चुनाव की पृष्ठभूमि पर चले जा रहे एक नए दांव के तौर ओर देखा जा रहा है। ज्ञात रहे कि, हालिया मुख्यमंत्री ने प्राधिकरण क्षेत्र के अवैध निर्माणकार्यों के नियमितीकरण, किसानों को 12.5 फीसदी जमीन लौटाने के लंबित मसलों पर अहम घोषणा की है।