बारामती में पांच कृषि अधिकारियों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने दर्ज किया मामला!

बारामती। पुणे समाचार ऑनलाईन

अपने निजी लाभ के लिए टेंडर प्रक्रिया से दूर रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को ठेका देने के मामले में दोषी पाए गए कृषि विभाग के पांच अधिकारियों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बारामती पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनमें तत्कालीन उपविभागीय कृषि अधिकारी गोविंद पर्वतराव परजणे (60), बारामती तालुका कृषि अधिकारी संतोषकुमार नारायण बरकडे (59), बारामती मंडल कृषि अधिकारी पोपट शंकर ठोंबरे (57), कृषि पर्यवेक्षक शाहूराज हरिश्चंद्र मोरे (43), कृषि सहायक विजय किसन चांदगुडे (55) का समावेश है। इनमें से सन्तोष बरकडे, पोपट ठोंबरे, शाहूराज मोरे और विजय चांदगुडे को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है।

एसीबी के अनुसार, 2015- 2016 में बारामती तालुका के जलगांव में नाले के निर्माण हेतु सांसद निधि मंजूर की गई थी। इसकी टेंडर प्रक्रिया में सिद्धांत कंस्ट्रक्शन कंपनी ने हिस्सा नहीं लिया था, इसके बावजूद उसे इस काम का ठेका दिया गया। इसके लिए सम्बंधित अधिकारियों ने आपस में मिलीभगत कर अपने पद का दुरुपयोग किया। इसके पहले के ठेकेदार कंपनी ने निर्धारित समय पर पहले का काम पूरा नहीं किया, ऐसा बताते हुए अपने अधिकार में नहीं रहने के बावजूद सिद्धांत कंस्ट्रक्शन को यह ठेका दिया गया। इतना ही नहीं उससे डिपॉजिट और अतिरिक्त सेफ डिपॉजिट भी नहीं लिया गया। इस बारे में प्राप्त शिकायत की पूरी जाँच पड़ताल के बाद एसीबी ने उपरोक्त अधिकारियों को अपने पद व अधिकारों का दुरुपयोग कर सिद्धांत कंस्ट्रक्शन के शिवजी एकनाथ भोंडवे को गैरकानूनी तरीक़े से ठेका दिलाने के मामले में दोषी पाया। इसके अनुसार सभी पांचों अधिकारियों के खिलाफ बारामती पुलिस में मामला दर्ज किया गया।