आख़िरकार औरंगाबाद को चिरंजीव प्रसाद के रूप में मिला नया पुलिस आयुक्त

मुंबई: पुणे समाचार ऑनलाइन

औरंगाबाद को आख़िरकार नया पुलिस आयुक्त मिल गया है। विशेष पुलिस महानिदेशक चिरंजीव प्रसाद को सोमवार को यह ज़िम्मेदारी सौंपी गई। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि 72 घंटों के भीतर औरंगाबाद को नया पुलिस आयुक्त मिल जाएगा।

मालूम हो कि औरंगाबाद में कचरे को लेकर बड़ा आंदोलन हुआ था, जिसमें पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा था। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों के साथ ही पुलिस आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। विवाद बढ़ता देख मुख्यमंत्री ने तत्कालीन आयुक्त यादव को एक महीने के लिए अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया था। उसके स्थान पर पुलिस महानिरीक्षक मिलिंद भरम्बे को यह ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी। हाल ही में जब औरंगाबाद में दो समुदायों के बीच दंगा भड़का तो पुलिस की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल उठाये गए। इस दंगे में सहायक पुलिस आयुक्त सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे।

इसी पृष्ठभूमि पर पांच विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। जिसमें उन्होंने अगले 72 घंटों में नए पुलिस आयुक्त की नियुक्ति का आश्वासन दिया था। प्रसाद की नियुक्ति के संबंध में आदेश शुक्रवार जारी होने थे, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों के चलते सोमवार को जारी हो सके।