जमानत के लिए 1 लाख की घूस लेते धराया सहायक पुलिस निरीक्षक

पुणे। समाचार ऑनलाइन

जमानत के लिए एक लाख की रिश्वत लेते हुए एक सहायक पुलिस निरीक्षक समेत दो लोगों को एंटी करप्शन ब्यूरो(एसीबी) पुणे की टीम ने रंगेहाथ पकड़ लिया। बीती रात पुणे जिले के पुरंदर तालुका स्थित इखतपुर के बस स्टॉप पर यह कार्रवाई की गई।

मुकुंद काशीनाथ पालवे (42) और श्रीकांत बालासाहब ताम्हणे (29) निवासी इखतपुर, पुरंदर, पुणे ऐसे गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम हैं। इनमें से मुकुंद पालवे सहायक पुलिस निरीक्षक हैं जो सासवड पुलिस थाने में तैनात हैं। उनके खिलाफ सासवड थाने में भ्रष्टाचार प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, सासवड पुलिस थाने में शिकायतकर्ता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 325 के तहत एक मामला दर्ज है। उसे सासवड के प्रथम वर्ग न्यायदण्डाधिकारी की अदालत में जमानत दिलाने में सहयोग करने के लिए सहायक पुलिस निरीक्षक पालवे ने डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में बात एक लाख रुपये पर तय हुई। इस बीच शिकायतकर्ता ने एसीबी के पास शिकायत दर्ज कराई। इसकी पुष्टि करने के बाद इखतपुर में जाल बिछाया गया। यहाँ पालवे की ओर से ताम्हणे को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपए स्वीकारते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। उसने स्वीकार किया कि, ये पैसे पालवे के कहने पर स्वीकारे हैं। इसके चलते दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।