कश्मीर के रामबन में हिमस्खलन, 2 लोग जिंदा दफन

जम्मू (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – जम्मू एवं कश्मीर के रामबन जिले में हुई हिमस्खलन की एक घटना में मंगलवार को दो लोग जिंदा दफन हो गए और दो अन्य जो लापता थे, उन्हें ढूंढ़ निकाला गया। पुलिस ने कहा कि हिमस्खलन की यह घटना त्रिगाम गांव में शाम लगभग तीन बजे हुई, जिसमें दो लोग दब गए।

मृतकों की पहचान मुहम्मद रफीक (25), और सुमेरना (12) के रूप में हुई है। दो महिलाएं- फातहा बेगम और तजा बेगम लापता थीं, जिन्हें ढूंढ़ निकाला गया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “ये लोग अपने घर जा रहे थे, जब हिमस्खलन की यह घटना घटी।” जिलाधिकारी ने जान गंवाने वाले दो लोगों के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि देना मंजूर किया है।