PM मोदी के साथ पोस्टर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया की फोटो, मध्य प्रदेश में राजनीति माहौल गरमाया

भोपाल : समाचार ऑनलाइन – हाल ही में कांग्रेस नेता और पूर्व महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किसानों की कर्ज माफी और बाढ़ पीड़ितों की बहाली को लेकर खुद अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा था। उसके बाद सिंधिया अब BJP के पोस्टर बॉय बन गए हैं. मध्य प्रदेश में BJP के एक पोस्टर पर मोदी और शाह के साथ सिंधिया की फोटो दिखाई दे रही है. लिहाजा, मध्य प्रदेश का राजनैतिक माहौल गरमा गया है।

भिंड में लगे इस पोस्टर से राजनैतिक माहौल गरमाया

मध्य प्रदेश के भिंड शहर में बीजेपी के एक पोस्टर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया की एक बड़ी तस्वीर लगी हुई है। इस पोस्टर पर धारा 370 को हटाने के निर्णय पर समर्थन देने के लिए, सिंधिया का आभार व्यक्त किया गया है। इस पोस्टर पर भारत के नक्शे के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की तस्वीरें भी हैं। बताया जा रहा है कि यह पोस्टर भाजपा के जिला समन्वयक द्वारा लगाया गया है।

यह कहा था सिंधिया ने 

पूर्व कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को बाढ़ पीड़ितों से मिलने अटेर पहुंचे। उन्होंने यहां कार्यकर्ताओं से बात की और बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का वादा किया। बाढ़ पीड़ितों को संबोधित करते हुए, सिंधिया ने कमलनाथ सरकार को सलाह दी। उन्होंने कहा, ‘मैंने इस गांव के लोगों से कहा है कि, मैं संकट के समय में उनके पीछे खड़ा हूं, लेकिन सरकार को भी लोगों के पीछे खड़ा होना होगा। भारी बारिश और बाढ़ के कारण यहां के कई गांव छोटे से टापू में बदल गए हैं. इन गांवों को 100% मुआवजा दिया जाना चाहिए। संकट के समय आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना सरकार की जिम्मेदारी है।

शिवराज सिंह ने जवाब दिया 

ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस बयान से कांग्रेस को बड़ा धक्का लगा है, जिसका पूरा फायदा पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने उठाया. शिवराज ने सिंधिया के बयान पर  ट्वीट करते हुए लिखा कि, “न शिवराज और न जनता, अब तो आप के ही लोग आपको आईना दिखा रहे हैं और बता रहे हैं कि कर्ज़माफ़ी नहीं हुई कमलनाथ जी! क्या अब भी आपकी सरकार नहीं जागेगी? किसानों की आँखों के आँसू सूख गए लेकिन उनके बैंक खातों में पैसे नहीं आए! लाज-शर्म बची हो तो कर्ज़माफ़ी पर जल्द से जल्द फैसला लीजिये!

सिंधिया के बयान पर भाजपा की प्रतिक्रिया और भाजपा के जिला समन्वयक द्वारा लगाए गए पोस्टर के बाद से प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।