मोदी कैबिनेट में बड़ा बदलाव, स्मृति से छीना सूचना प्रसारण मंत्रालय!

नई दिल्ली: सरकार के चार साल पूरे होने के जश्न से पहले सोमवार रात मोदी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल किया गया है। पीयूष गोयल को रेल मंत्रालय के साथ-साथ वित्त मंत्रालय का भी अस्थाई प्रभार दे दिया गया है। जबकि स्मृति इरानी से सूचना प्रसारण मंत्रालय छीनकर वापस लेकर राज्यवर्धन सिंह राठौर को सौंप गया है। यानी राज्यवर्धन सिंह का प्रमोशन हुआ है, इससे पहले उनके पास राज्य मंत्री का ही दर्जा था। सोमवार को एम्स में अरुण जेटली का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जेटली की अनुपस्थिति में काफी अहम वित्त मंत्रालय का काम प्रभावित न हो इसे देखते हुए पीयूष गोयल को इसकी अतिरिक्त जिम्मेदारी दे दी गई है। वहीं, एसएस अहलुवालिया से पेयजल एवं स्वच्छता राज्य मंत्री प्रभार वापस लेकर उन्हें सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री बनाया गया है। के अल्फोंस से सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री का दर्जा वापस ले लिया गया है।

स्मृति से नाराज़ थे पीएम

स्मृति इरानी के पास अब कपड़ा मंत्रालय का ही प्रभार रहेगा। स्मृति से सूचना और प्रसारण मंत्रालय ऐसे समय लिया गया है, जब उनका मंत्रालय कई विवादों में आया था। पिछले दिनों फेक न्यूज पर आए एक गाइडलाइंस के मामले में काफी विवाद हुआ था और आखिर में पीएमओ के हस्तक्षेप के बाद वह गाइडलाइंस वापस लेनी पड़ी थीं। प्रसार भारती से सूचना और प्रसारण मंत्रालय के टकराव की भी खबरें सामने आई थीं। इससे भी पीएमओ नाराज था। इस मंत्रालय के कामकाज से भी सरकार बहुत खुश नहीं थी।

एक और फेरबदल संभव

सूत्रों के अनुसार, मोदी सरकार के चार साल का जश्न होने के बाद कैबिनेट में एक और फेरबदल हो सकता है। मालूम हो, टीडीपी के सरकार से अलग होने के बाद उनकी ओर से छोड़े गए मंत्रिपद खाली हैं या अन्य मंत्रियों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आने वाले फेरबदल में 2019 से ठीक पहले सहयोगियों को मनाने की कोशिश की जा सकती है, जिसमें नीतीश कुमार की जेडीयू को भी केंद्र सरकार में जगह मिल सकती है।