बड़ी गड़बड़ी! राम मंदिर के लिए चंदे में मिले 22 करोड़ रुपये के चेक बाउंस

अयोध्या : ऑनलाइन टीम – राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद की ओर से चंदे के तौर पर जुटाए गए 22 करोड़ रुपये के चेक बाउंस हो गए हैं। इन चेक की संख्या 15 हजार के आसपास बताई जा रही है। इसका कारण खाते में कम धनराशि का होना या फिर तकनीकी गड़बड़ी बताया गया है। मंदिर निर्माण के लिए केंद्र द्वारा बनाए गए न्यास श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र की एक ऑडिट रिपोर्ट में कहा गया कि चेक खातों में कम रकम होने या फिर कुछ तकनीकी खामियों की वजह से बाउंस हुए।

दरअसल अयोध्या में बनने वाले भगवान राम के भव्य मंदिर के लोगों ने जमकर दान दिए है। न्यास के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने कहा कि तकनीकी गड़बड़ी के समाधान के लिये बैंक काम कर रहे हैं और वे लोगों से फिर से दान करने के लिये कह रहे हैं। इन चेक में से लगभग 2000 अयोध्या से संग्रहित किये गए थे। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने 15 जनवरी से 17 फरवरी तक चंदा इकट्ठा करने के लिये राष्ट्रव्यापी अभियान के दौरान ये चेक संग्रहित किये थे।

इस अभियान के दौरान करीब 5000 करोड़ की रकम जुटाई गई थी हालांकि न्यास द्वारा अभी एकत्रित रकम के बारे में अंतिम आंकड़े जारी नहीं किये गए हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए 1 हजार करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, ट्रस्ट के अधिकारियों ने बताया कि चंदे की राशि 3 हजार करोड़ से ज्यादा हो गई है। हालांकि, अंतिम रूप से कुल चंदे की गणना नहीं की गई है। इसके लिए कहा गया था कि 31 मार्च तक चंदे में मिली धनराशि की गणना की जाएगी।