भाजपा ने ओडिशा में 3 लोकसभा, 11 विधानसभा उम्मीदवारों का ऐलान किया

भुवनेश्वर (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को ओडिशा में तीन लोकसभा और 11 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी ने भद्रक संसदीय क्षेत्र से आठ बार के सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन चरण सेठी के बेटे अभिमन्यु सेठी को मैदान में उतारा है। भद्रक से निवर्तमान सांसद अर्जुन चरण सेठी ने बीजू जनता दल से इस्तीफा दे दिया और शनिवार को अपने बेटे के साथ भगवा पार्टी में शामिल हो गए।

भाजपा ने मयूरभंज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए बिस्वेसर टुडू को और जजपुर सीट से अमिया मलिक को मैदान में उतारा है। विधानसभा सीटों के लिए, भाजपा ने केंद्रपाड़ा जिले के महाकालपाड़ा से वरिष्ठ नेता बिजॉय महापात्रा को उम्मीदवार बनाया है। अभिनेत्री से राजनेता बनीं अपराजिता मोहंती भुवनेश्वर (उत्तर) से चुनाव लड़ेंगी।

पार्टी ने नीलगिरी से सुकांत नायक और पुरी से जयंत सारंगी को टिकट दिया है। भाजपा ने अब तक ओडिशा में 20 लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा की है। अभी इसे जगतसिंहपुर सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित करना बाकी है। विधानसभा की 147 सीटों में से भाजपा ने 142 सीटों के लिए उम्मीदवारों का नाम दे दिया है। 11, 18, 23 और 29 अप्रैल को ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव होने हैं।