भाजपा ने मनपा कर्मचारियों को फंसाया : अरविंद शिंदे 

पुणे : समाचार ऑनलाईन – मनपा कर्मचारियों को 7वां वेतन आयोग लागू करते समय कोई समस्याएं नहीं आएं इसलिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा कर हल निकालने का आश्वासन मनपा के भाजपा सत्ताधारियों ने दिया था। मनपा की मांग को नजरअंदाज कर राज्य सरकार ने समान पदों के लिए राज्य सरकार व मनपा कर्मचारियों की वेतन श्रेणी कायम रखने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार के नए अध्यादेश के अनुसार वेतन आयोग मामले में भाजपा द्वारा मनपा कर्मचारियों को फंसाने की बात उजागर हो गई है। यह आरोप कांग्रेस के मनपा गुटनेता अरविंद शिंदे ने शनिवार को पत्रकार-वार्ता में लगाया।

राज्य सरकार के पद व मनपा के समकक्ष पदों वेतनश्रेणी अलग-अलग है
इस बारे में उन्होंने आगे बताया कि मनपाओं में 7वां वेतन आयोग लागू करने संबंधी निर्देश राज्य सरकार ने 2 अगस्त को एक अध्यादेश के जरिए राज्य की सभी मनपाओं को दिए। इस अध्यादेश के अनुसार मनपा की आर्थिक स्थिति ध्यान में रखकर 7वां वेतन आयोग लागू करने को कहा गया है। राज्य सरकार के पद व मनपा के समकक्ष पदों वेतनश्रेणी अलग-अलग है। सभी वेतनश्रेणी को समान रखने का आदेश राज्य सरकार ने दिया है। वेतन श्रेणी समान रखने के आदेश के कारण मनपा में किसी कर्मचारी का प्रमोशन होने पर उसका वेतन बढ़ने के बजाय वेतन कम हो रहा है। इस संबंधी सुधार करने की मांग राज्य सरकार से की गई थी। लेकिन उस मांग को खारिज किया गया है। जिससे अब 7वें वेतन आयोग का फर्क भी कम मिलेगा।

वेतन आयोग केवल मंजूर पदों के लिए ही देने को कहा गया है। मनपा में शेड्यूल्ड मान्य पद 15 हजार 896 हैं। कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर 650 तथा 6 महीने के करार पर 385 कर्मचारी मनपा में कार्यरत हैं। जिससे वेतन आयोग का लाभ कॉन्ट्रैक्ट बेसिस व करार पद्धति पर कार्यरत कर्मचारियों को नहीं मिलेगा। विकासकार्यों के लिए लिया गया कर्ज व किश्तों के बाद रकम शेष रहती होगी, तो ही वेतन आयोग दिया जाए। वेतन आयोग लागू करते समय मनपा की आर्थिक स्थिति भी देखी जाए। वेतन आयोग संबंधी कोई भी निर्णय लेने के बाद राज्य सरकार की मंजूरी के बाद ही उस पर अमल करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

अरविंद शिंदे ने बताया कि वेतन आयोग संबंधी मनपा में बनाई गई कमेटी को अब कोई भी अधिकार नहीं रहा है। भाजपा के मनपा पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को हाथोंहाथ फंसाया है। भाजपा के इस गलत निर्णय के विरोध में कांग्रेस द्वारा सोमवार को मनपा भवन के सामने आंदोलन किया जाएगा।