सीएए को लेकर भाजपा की बैठक जारी

नई दिल्ली, 26 दिसंबर (आईएएनएस)| नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के मुद्दे को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक अहम बैठक कर रही है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में यह बैठक यहां पार्टी मुख्यालय में हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हुई रैली में दावा करते हुए कहा था कि एनआरसी की कोई बात नहीं हुई है, जिसके बाद से राष्ट्रीय राजधानी में सीएए को लेकर हुए शुरुआती विरोध प्रदर्शनों का असर कम होता जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा नए कानून को लेकर जनता की धारणा को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रही है।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, मुख्तार अब्बास नकवी, किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत भी शामिल हैं।

अनुच्छेद 370 को रद्द किए जाने पर पार्टी की स्थिति स्पष्ट कर अल्पसंख्यक समुदाय के एक मुखर नए नेता के तौर पर उभरे लद्दाख सांसद जमयांग सेरिंग नामग्याल, पार्टी के सांसद और सोशल मीडिया पर भी लोकप्रिय नेता राजीव चंद्रशेखर और जी.वी.एल. नरसिम्हा राव जैसे नेता भी इसका हिस्सा हैं।

गुरुवार को बंद दरवाजे के पीछे हो रही इस बैठक का मकसद विवादास्पद नागरिकता संशोधन अधिनियम पर पार्टी के स्टैंड को और अधिक मजबूत कर इसे नागरिकों के बीच इसे अधिक आश्वस्त करना है।

बैठक में उपस्थित लोगों को पार्टी के रुख को आगे बढ़ाने के लिए विशिष्ट जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।