सभी आठों क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष पदों पर भाजपा का वर्चस्व

पिम्परी। पुणे समाचार

हर क्षेत्रीय कार्यालय समिति में भाजपा का ही वर्चस्व रहने और प्रमुख विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किए जाने से पिंपरी चिंचवड़ मनपा के आठों क्षेत्रीय कार्यालय समिति के अध्यक्ष पदों पर भाजपा का ही वर्चस्व रहा। शुक्रवार को सम्पन्न हुए चुनाव में सभी सीटों पर भाजपा के नगरसेवक निर्विरोध रूप से अध्यक्ष चुने गए। म्हाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक काकड़े इन चुनावों के निर्वाचन अधिकारी के तौर पर नियुक्त थे।

निर्विरोध चुने गए नए क्षेत्रीय कार्यालय समिति के अध्यक्षों में अनुराधा गोरखे (‘अ’ क्षेत्रीय कार्यालय), करुणा चिंचवडे ( ‘ब’ क्षेत्रीय कार्यालय), नम्रता लोंढे (‘क’ क्षेत्रीय कार्यालय), शशिकांत कदम (‘ड’ क्षेत्रीय कार्यालय), भीमाबाई पोपट फुगे (‘इ’ क्षेत्रीय कार्यालय), कमल घोलप (‘फ’ क्षेत्रीय कार्यालय), बाबासाहेब त्रिभुवन (‘ग’ क्षेत्रीय कार्यालय) और अंबरनाथ चंद्रकांत कांबले (‘ह’ क्षेत्रीय कार्यालय) का समावेश है। इनमें से शशिकांत कदम, भीमाबाई फुगे और अंबरनाथ कांबले लगातार दूसरी बार अध्यक्ष चुने गए हैं। महापौर नितिन कालजे, उपमहापौर शैलजा मोरे, स्थायी समिति अध्यक्षा ममता गायकवाड़ आदि ने नवनिर्वाचित अध्यक्षो का स्वागत व सम्मान किया।