उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव: बीजेपी ने 7 में से 5 मेयर पदों पर किया कब्जा

देहरादून | समाचार ऑनलाइन – उत्तराखंड में नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने विपक्षी कांग्रेस को पछाड़ते हुए राजधानी देहरादून के मेयर पद सहित 34 निकायों के अध्यक्ष पद पर बाजी मार ली है।  इसके साथ ही हैरान करने वाली बात ये रही कि निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चौकाते हुए 23 निकाय अध्यक्ष पदों पर कब्जा कर लिया। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय से मिले परिणामों के अनुसार, प्रदेश के सात नगर निगमों के मेयर पदों में से पांच पर बीजेपी वही अन्य दो पर कांग्रेस ने जीत हासिल की।
देहरादून नगर निगम के मेयर पद पर बीजेपी प्रत्याशी और मुख्यमंत्री के बेहद करीबी सुनील उनियाल गामा ने कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल को 35,000 से ज्यादा मतों से पराजित किया।  मेयर पद पर जीतने वाले बीजेपी के अन्य प्रत्याशी अनीता ममगाई (ऋषिकेश), उषा चौधरी (काशीपुर), रामपाल सिंह (रूद्रपुर) और जोगेंद्र रौतेला (हल्द्वानी) रहे। दो नगर निगमों में मेयर कांग्रेस के चुने गए जहां कोटद्वार और हरिद्वार में क्रमश: हेमलता नेगी और अनीता शर्मा ने जीत हासिल की।
कुल 84 में से अब तक घोषित 83 नगर निकाय अध्यक्ष पदों में से 25 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की जबकि एक पद पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने जीत दर्ज की है। प्रदेश में सात नगर निगमों, 39 नगरपालिकाओं तथा 38 नगर पंचायतों सहित 84 नगर निकायों के लिए 18 नवंबर को मतदान हुआ था। मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई मतपत्रों की गिनती का काम बुधवार तड़के तक जारी रहा।