भाजपा का दावा: ‘टीएमसी’ के 100 विधायक जल्द होंगे पार्टी में शामिल!

कोलकाता : समाचार ऑनलाइन – लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी राजनीतिक पार्टियां एक्टिव हो गई है। चुनाव प्रचार, दल-बदल, भाषण बाजी शुरू है। इस दौरान एक बार फिर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक गरमा गई है। यहां पर सीधा मुकाबला भाजपा और टीएमसी के बीच का है। हाल ही में टीएमसी छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले अर्जुन सिंह का कहना है कि उनके संपर्क में ममता बनर्जी की पार्टी के करीब 100 विधायक हैं और उनका दावा है कि वो सारे विधायक जल्द बीजेपी में शामिल होंगे।

अर्जुन सिंह ने कहा कि टीएमसी के करीब 100 विधायक भाजपा में शामिल होने को तैयार हैं। वे नियमित तौर पर भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं। कुछ विधायक चुनाव पूर्व तो कुछ चुनाव पश्चात भाजपा का दामन थाम लेंगे। पश्चिम बंगाल के भाटापुर से विधायक रहे अर्जुन सिंह का उत्तर कोलकाता से लेकर नादिया तक फैले क्षेत्र में खासा प्रभाव है। वह अपने स्थानीय कनेक्शन के कारण कई चुनावों में टीएमसी के लिए गेम चेंजर रहे हैं।

पश्चिम बंगाल में कुल 42 लोकसभा सीटें हैं। भाजपा का फोकस इस बार बंगाल पर है। इसी वजह से भाजपा की ओर से बंगाल में आक्रामक रुख अपनाया जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी कह चुके हैं कि उनका लक्ष्य पश्चिम बंगाल में 22 से अधिक सीटें जीतना है। यहां सात चरणों में मतदान होना है। 11 अप्रैल से 19 मई तक यहां वोट डाले जाएंगे।