हत्या के बाद लाश को जलाया

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – पत्थर से कुचलकर निर्ममता से हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के इरादे से लैश को जला दिए जाने का मामला सामने आया है। रविवार की सुबह पिंपरी नेहरूनगर स्थित एचए कंपनी के मैदान में जली हुई अवस्था में लाश मिलने से पूरे पिंपरी चिंचवड शहर में सनसनी फैल गई है। मृतक की शिनाख्त अजय राजेश नागोसे (19) निवासी गांधीनगर झोपड़पट्टी, पिंपरी, पुणे के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अजय नागोसे पिंपरी एचए (हिंदुस्तान एंटीबायोटिक लि) कंपनी की कैंटीन में काम करता था। शनिवार को काम पर जाने के लिए वह घर से निकला था। आज सुबह एचए मैदान की झाड़ियों में उसकी लाश पायी गई। सिर को पत्थरों से कुचलकर हत्या करने के बाद सबूत मिटाने या लाश की पहचान न हो सकने के उद्देश्य से उसे जला दिया गया। लाश 50 से 60 फीसदी तक जल गई है उसके सिर की खोपड़ी फुट गई है। लाश की शिनाख्त करने के बाद पिंपरी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।