राज ठाकरे पर हिंदी भाषा के अपमान का मामला दर्ज

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ बिहार के मुजफ्फरपुर में हिंदी भाषा के अपमान का मामला दर्ज किया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता तमन्ना हाशमी ने सीजेएम (मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी) आरती कुमारी सिंह की अदालत में केस दर्ज कराया। मामले की सुनवाई 12 दिसंबर को होगी।

रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता कई समाचार चैनलों पर चली खबरों से दुखी हैं, जिनमें ठाकरे ने कथित तौर पर कहा कि हिंदी देश की राष्ट्रीय भाषा नहीं है और इस तरह उन्होंने हिंदी का अपमान किया। शिकायतकर्ता ने कहा कि ठाकरे के बयान से न केवल मैं बल्कि अन्य सभी हिंदी प्रेमी भी आहत हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश का अपमान है।

बता दें कि हाल ही में ठाकरे ने उन्होंने कहा था कि हिंदी प्यारी भाषा है, लेकिन राष्ट्रभाषा नहीं है। यह बयान राज ठाकरे ने मुंबई में एक कार्यक्रम में दिया था। उन्होंने कहा था कि इसमें कोई शक नहीं कि हिंदी बहुत ही सुंदर भाषा है, लेकिन यह गलत है कि हिंदी राष्ट्रभाषा है। राष्ट्रभाषा पर किसी तरह का कोई निर्णय नहीं हुआ है। हिंदी की तरह ही मराठी, गुजराती, तमिल आदि भी इसी देश की भाषाएं हैं।