मुख्यमंत्री ने भी तोड़ा ट्रैफिक नियम, लेकिन नहीं भरा जुर्माना

मुंबई | समाचार ऑनलाइन 

ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और जुर्माना न भरने वालों में सूबे के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हैं। वैसे इस लिस्ट में और भी कई रसूखदार लोगों के नाम हैं। मसलन, राज्य के परिवहन मंत्री दिवाकर भी नियमों की अनदेखी कर चुके हैं। दरअसल, बृहन्मुंबई यातायात विभाग नियम तोड़ने वालों को ई-चालान भेज रहा है। इसके तहत अब तक 119 करोड़ वसूले जा चुके हैं। लेकिन आम जनता के साथ-साथ कई ऐसे रसूखदार लोग भी शामिल हैं जो जुर्माना भरने को तैयार ही नहीं हैं।

किस पर कितना जुर्माना

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की गाड़ी नंबर MH 01 CP 0038 पर 8000 रुपये और गाड़ी नंबर MH 01 CP 0037 पर नियमों के उल्लंघन के लिए 5000 रुपए जुर्माना लगाया गया है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे (MH 46 J 9) पर 3000रुपए जुर्माना लगा है। इसी तरह युवा सेना अध्यक्ष आदित्य ठाकरे ( MH 02 CB 1234) पर 6200 और परिवहन मंत्री दिवाकर रावते (MH 06 BE 4433) पर नियम तोड़ने के लिए एक हजार रुपए का दंड लगा है।

बृहन्मुंबई पुलिस के सहायक आयुक्त ने यातायात विभाग को पत्र लिखकर कहा ही कि बकाया जुर्माना राशि की जल्द से जल्द वसूली की जाए और इस संबंध में एक ठोस प्रणाली विकसित की जाए। आरटीआई कार्यकर्ता शकील अहमद शेख का कहना है कि अगर वीआईपी ऐसा करेंगे, तो आम जनता से क्या उम्मीद की जा सकती है।