विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री फडणवीस निकालेंगे रथयात्रा

मुंबई : समाचार ऑनलाईन –  लोकसभा चुनावों में मिली सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी राज्य में विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी ने इस बार 220 से ज्यादा सीटों को जीतने का लक्ष्य रखा है। इसी को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जल्द ही एक रथयात्रा निकालने जा रहे हैं। इसमें वे राज्य की सभी विधानसभाओं का दौरा करेंगे। अगस्त से शुरू होने वाली इस रथयात्रा में दो नारे प्रमुख होंगे।

गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने सबसे ज्यादा सीटें जीतकर कांग्रेस-एनसीपी की हवा निकाल दी और यही माहौल विधानसभा तक बनाए रखने की फडणवीस सरकार की कोशिश है। इस यात्रा में किसान कर्जमाफी, सूखा पीड़ितों की सहायता व सूखे से निपटने हेतु किये गये उपाय, सिंचाई परियोजनाएं, कृषि-तालाब आदि से संबंधित कार्य व उपलब्धियां गिनाने की तैयारी है।

सरकार बनाने के लिए 144 सीटों पर जीत जरुरी 
मालूम हो कि महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा सीटें हैं। प्रदेश में सरकार बनाने के लिए 144 सीटों पर जीत जरुरी है। फिलहाल 288 में से 122 सीटों पर भाजपा और 63 सीटों पर शिवसेना का कब्जा है। वहीं एनडीए के विरोधी दलों में कांग्रेस 42 और एनसीपी 41 सीटों पर काबिज है। बता दें कि महाराष्ट्र में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।

गौरतलब है कि सूबे में बीजेपी शिवसेना की गठबंधन की सरकार है और सीएम पद बीजेपी के देवेंद्र फणनवीस संभाल रहे हैं। इस बार भाजपा-शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ने वाले हैं लेकिन शिवसेना ने साफ कर दिया है कि उसकी नजर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर है। कहा जा रहा है कि अगर इनकी सरकार आई तो दोनों पार्टियां ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री की कुर्सी की कमान संभालेंगे। शिवसेना लगातार अपनी मंशा को जाहिर कर रही है, लेकिन भाजपा द्वारा स्पष्ट बहुमत हासिल कर शिवसेना के इरादों पर पानी फेरने की कोशिश कर सकती है।