पुलिस थाने दत्तक लेकर उन्हें विकसित करें कंपनियां

पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश की अपील
पिंपरी। जानकी देवी बजाज ग्रामविकास संस्था की ओर से पिंपरी चिंचवड पुलिस आयुक्तालय के मोटर ट्रांसपोर्ट विभाग पुलिस निरीक्षक कार्यालय, ऑइल रूम, मैकेनिकल रूम, स्टोर रूम, ड्राइवर रेस्ट रूम उपलब्ध कराया गया है। शुक्रवार को इसका उदघाटन पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश के हाथों किया गया। उन्होंने शहर की कंपनियों से अपील की कि पुलिस थाने दत्तक लेकर उन्हें विकसित करें। इससे आयुक्तालय और शहर की प्रतिमा बदलने में मदद मिलेगी।
इस कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त सुधीर हिरेमठ, उपायुक्त मंचक इप्पर, सहायक आयुक्त राजाराम पाटिल, प्रेरणा कट्टे, गणेश बिरादार, उप अधीक्षक गायत्री पवार, पुलिस निरीक्षक ए. एन. सय्यद, बजाज ऑटो लिमिटेड के प्रदीप श्रीवास्तव, जानकीदेवी बजाज ग्रामविकास संस्था के कैलास झांजरी, सीईओ डॉ. अरुण जोशी, सतीश धामणे, पी. एस. मुखर्जी, अनिल भंडारे, भवरलाल, सुशील आढाव, मदन गायकवाड आदि उपस्थित थे। इस मौके पर मोटर परिवहन विभाग परिसर में विविध पेड़ों का रोपण किया गया।
यहां पिंपरी पुलिस थाने का मैदान, व्यायामशाला, नियंत्रण कक्ष के बाद अब यहां मोटर परिवहन विभाग शुरू किया गया है। पिंपरी चिंचवड़ आयुक्तालय को वाहन खरीदी के लिए हालिया दो करोड़ रुपए की निधि मंजूर की गई है। जल्द ही आयुक्तालय के काफिले में नए वाहन जुड़ सकेंगे। पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा, सक्षम पुलिसिंग के लिए सरकार हर संभव मदद कर रही है। इसमें कंपनियों को भी आगे आना चाहिए। जो संस्था सभी को साथ लेकर आगे बढ़ती है, जिसके साथ सभी लोग रहते हैं, वह संस्था सफल होती है।
उन्होंने कहा कि सभी पुलिस थानों के आईएसआई सर्टिफिकेशन किया जा रहा है। अगर कंपनियां इसके लिए एक कदम आगे बढ़ाती हैं तो पुलिस भी उनकी मदद के लिए दो कदम आगे बढ़ाएगी। उन्हें सुरक्षित माहौल देने में पुलिस कभी कहीं कम साबित नहीं रहेगी। इंडस्ट्री से शहर और शहर से देश का विकास होता है। अपने- अपने थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रीज को सुरक्षित माहौल बना कर देने के लिए पुलिस तत्पर रहे और इंडस्ट्री भी पुलिस थानों और पुलिस व्यवस्था को विकसित करने में सहयोग दें। बजाज कंपनी ने पुणे पुलिस को वाहन उपलब्ध कराएं हैं। बड़े भाई के बाद अब छोटे भाई पिंपरी चिंचवड़ को भी मदद करें।