शुरू हुई होड़: स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के बाद अब बनेगी श्रीराम की आदमकद प्रतिमा

आयोध्या : समाचार ऑनलाइन – स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के अनावरण के साथ ही देश में मूर्तियों के निर्माण की होड़ शुरू हो गई है। अब योगी सरकार भगवान राम की आदमकद प्रतिमा बनाने जा रही है। इस मूर्ति को सरयू नदी के तट पर बनाया जाएगा। गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया था।

योगी सरकार द्वारा बनवाई जाने वाली श्रीराम की प्रतिमा की ऊंचाई 151 मीटर हो सकती है। इस मूर्ति को भी उसी शिल्पकार द्वारा तैयार किया जाएगा, जिसने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाया है। जानकारी के अनुसार, श्रीराम की प्रतिमा तांबे की होगी। इस बारे में आयोध्या नगर निगम के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा, ‘सरयू नदी के तट पर भगवान राम की 151 मीटर लंबी प्रतिमा बनाने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ दिवाली के अवसर पर इसकी घोषणा कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतिमा को किस जगह स्थापित करना है, यह फैसला मिट्टी परीक्षण के बाद किया जायेगा। संभावना है कि संत तुलसीदास घाट के आसपास प्रतिमा बनाई जा सकती है। प्रतिमा के लिए दो-तीन स्थल देखे जा रहे हैं, जो सबसे उपयुक्त होगा उसे चुना जाएगा। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आयोध्या के लिए कई योजनाएं बना रहे हैं। इस दिवाली पर आपको अच्छी खबर मिल सकती है।