कांग्रेस आलाकमान ने सौंपी नाना पटोले को महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष की कमान

मुंबई. ऑनलाइन टीम : कांग्रेस आलाकमान ने नाना पटोले को महाराष्ट्र कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस घोषणा के साथ ही कांग्रेस पार्टी ने दस उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति की है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में महाराष्ट्र के राहत और पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार और राज्यसभा सांसद राजीव सातव भी शामिल थे, पर नाना ने बाजी मारी। इस प्रकार कांग्रेस नेतृत्व विदर्भ क्षेत्र से नया प्रदेश अध्यक्ष चुना, जो कि गैर-मराठी है। इनके अलावा आलाकमान ने शिवाजी राव मोघे, बसवराज पाटिल, मो. आरिफ नसीम खान, कुणाल रोहिदास पाटिल, चंद्रकांत हांडोरे और कुमारी प्रणती सुशील कुमार शिंदे को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।

कल गुरुवार को ही बदले राजनीतिक घटनाक्रम के बीच नाना पटोले ने महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उस समय तक उनके अध्यक्ष पद को सौंपे जाने के बस कयास ही थे। 56 वर्षीय पटोले को कांग्रेस के गढ़ रहे विदर्भ क्षेत्र से एक आक्रामक नेता के रूप में देखा जाता है। पटोले किसानों के मुद्दों पर मुखर रहे हैं और किसानों के बीच कुछ सद्भावना रखते हैं।

बता दें कि विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के एक दिन पहले पटोले ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की थी। मुंबई लौटकर गुरुवार को सहयाद्री गेस्ट हाउस में चल रही मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार से मुलाकात की। उसके बाद विधानसभा के उपाध्यक्ष नरहरी झीरवाल को इस्तीफा सौंप दिया।

अगले महीने महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र होना है। ऐसे में नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव कराना महा विकास आघाड़ी सरकार के लिए एक और परीक्षा होगी। एक साल पहले सरकार के समर्थन में जितने विधायकों के वोट आए थे, उससे अगर एक वोट भी कम हो गया, तो यह सरकार के लिए शर्मिंदगी का सबब बन सकता है।