कांग्रेस के सांसद-विधायक केरल बाढ़ पीड़ितों को 1 महीने की सैलरी देंगे

तिरुवनंतपुरम। समाचार ऑनलाइन
केरल में आई भयावह बाढ़ के बीच राज्य के लोगों की मदद के लिए कांग्रेस पार्टी के सभी सांसद और विधायक और विधान परिषद सदस्य अपनी एक महीने की सैलरी राज्य के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देंगे। पार्टी के महासचिवों, राज्य प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं के साथ बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता केरल एवं कुछ दूसरे राज्यों में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता करें। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की भी मांग की है।
इस बैठक के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि आज की बैठक में पूरे देश में बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की गई। राहुल गांधी और कांग्रेस ने मांग रखी है कि केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य को तीन हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और भारत सरकार ने अब तक सिर्फ 100 करोड़ रुपये दिए हैं। ये नाकाफी है।
सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी ने फैसला किया है कि लोकसभा एवं राज्यसभा के सभी सांसद, सभी राज्यों के पार्टी विधायक और विधान परिषद के सदस्य एक महीने का वेतन केरल की बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देंगे। कांग्रेस की सरकारों ने मदद के लिए कदम उठाया है। पंजाब की सरकार ने 10 करोड़ रुपये दिए हैं। कर्नाटक की सरकार ने 10 करोड़ रुपये भेजे हैं। पुड्डुचेरी की सरकार ने एक करोड़ रुपये की राशि भेजी है। उन्होंने कहा कि केरल से सटे प्रांतों की कांग्रेस की इकाइयों ने बाढ़ राहत समिति का गठन किया है। ये समितियां राहत समाग्री केरल में पहुंचाएंगी।
[amazon_link asins=’B072X2BGM5′ template=’ProductCarousel’ store=’policenama100-21′ marketplace=’IN’ link_id=’4d2f1d3a-a2df-11e8-bc9b-7f10ff8ba49e’]
कई राज्यों ने केरल की मदद का ऐलान किया
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बाढ़ की मार झेल रहे केरल को मदद का ऐलान किया है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री राहत कोष से केरल के लिए 10 करोड़ रुपये मदद की घोषणा की है। इसके अलावा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी बाढ़ से तबाह केरल के लिए 10 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की है। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बाढ़ की मार झेल रहे केरल को 6 करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया है।
वहीं, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बाढ़ प्रभावित केरल के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 करोड़ रुपये की घोषणा की। साथ ही उन्होंने यह भी ऐलान किया कि 245 दमकल कर्मी नाव के साथ केरल बचाव कार्य के लिए भेजे जाएंगे।