रुझानों से उत्साहित कांग्रेसी, हेडक्वार्टर के बाहर जश्न

नई दिल्ली: समाचार ऑनलाइन – पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं।  छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अब तक आए रुझानों में कांग्रेस आसानी से बहुमत हासिल करती दिख रही रही है। जबकि मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस आगे चल रही है। इन रुझानों से गदगद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित पार्टी हेडक्वार्टर के बाहर जश्न मनाना शुरू कर दिया है। आपको बता दें कि ये शुरुआती रुझान हैं और थोड़ी देर में अंतिम नतीजे स्पष्ट होने शुरू हो जाएंगे।

छत्तीसगढ़ विधानसभा की 90 में से अब तक आए 88 सीटों के शुरुआती रुझान में कांग्रेस 57, जबकि भाजपा 23 सीट पर आगे चल रही है, वहीं 8 सीट पर अन्य उम्मीदवारों को बढ़त है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात ये है कि मुख्यमंत्री रमन सिंह को राजनंदगांव सीट पर कांग्रेस उम्मीदार व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला से कड़ी टक्कर मिलती दिख रही है।

राजस्थान में अब तक आए 191 सीटों के रुझान में कांग्रेस 103 सीट पर बढ़त के साथ बहुमत की ओर बढ़ रही है। जबकि भाजपा 70 सीटों पर आगे है। वहीं मध्य प्रदेश में कांग्रेस अभी तक आए 215 सीटों के शुरुआती रुझान में कांग्रसे 101 सीटों पर आगे है, तो भाजपा को 100 सीटों पर बढ़त हासिल है।

तेलंगाना के विधानसभा चुनाव की बात करें तो यहां सत्ताधारी तेलंगाना राष्ट्र समिति 84 सीटों पर बढ़त के साथ तो दो-तिहाई बहुमत हासिल करती दिख रही है। वहीं कांग्रेस को महज़ 14 सीटों पर बढ़त प्राप्त है। उधर मिजोरम के शुरुआती रुझान में मिजो नेशनल फ्रंट 24 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस को महज छह सीट पर बढ़त है।